गुवाहाटी : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में मांग की थी कि भारतीय नोटों पर लक्ष्मी और गणेश की तस्वीर छपनी चाहिए। संसद में सरकार की तरफ से इस मांग का जवाब दिया गया है। गौरतलब है कि नई दिल्ली सरकार ने संसद से भारतीय नोटों पर स्वतंत्रता सेनानियों, गणमान्य व्यक्तियों, देवी-देवताओं और यहां तक कि जानवरों की तस्वीरें छापने के लिए कहा था। वहीं, सरकार ने शुरुआत में करेंसी नोटों से महात्मा गांधी की तस्वीर हटाने की किसी भी योजना  से इनकार किया है। सरकार से लोकसभा में पूछा गया था कि क्या उसे भारतीय मुद्रा नोटों पर देवी लक्ष्मी और भगवान गणेश की और तस्वीरें शामिल करने के लिए कहा गया था। यह पूछे जाने पर कि मांग को लेकर सरकार की क्या योजना है, वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने जवाब दिया कि सरकार से नोटों पर स्वतंत्रता सेनानियों, प्रतिष्ठित हस्तियों, देवी-देवताओं और जानवरों की तस्वीरें छापने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक अधिनियम 1934 की धारा 25 के तहत, सरकार को नोटों के डिजाइन, रूप और सामग्रियों के उपयोग को भारतीय रिजर्व बैंक के केंद्रीय निदेशक मंडल की सिफारिश के बाद मुद्रा नोटों में किसी भी बदलाव से पहले मंजूरी देनी होगी। उल्लेखनीय है कि 1969 में महात्मा गांधी की 100वीं जयंती पर पहली बार भारतीय नोटों और सिक्को पर महात्मा गांधी की छवि छपी थी। सिक्के में एक तरफ महात्मा गांधी बैठे हुए थे और दूसरी तरफ सेवाग्राम आश्रम। करीब 18 साल बाद 500 रुपए के नोट पर महात्मा गांधी की तस्वीर छपी।