काठमांडू : प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा नयी सरकार में प्रधानमंत्री पद के लिए नेपाली कांग्रेस पार्टी की ओर से उम्मीदवार होंगे। बुधवार को उन्हें नेपाली कांग्रेस के संसदीय दल का नेता निर्वाचित किया गया जिससे पार्टी की तरफ से प्रधानमंत्री पद की दावेदारी का उनका रास्ता साफ हो गया। अधिकारियों ने बताया कि रिकॉर्ड पांचवीं बार के प्रधानमंत्री देउबा (76) ने पार्टी के संसदीय दल के नेता के चुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं पार्टी महासचिव गगन कुमार थापा को 39 मतों से हराया। उनके मुताबिक, मतदान में नेपाली कांग्रेस के सभी 89 सांसदों ने हिस्सा लिया। इसमें 76 वर्षीय देउबा को जहां 64 वोट मिले, वहीं 45 वर्षीय थापा को महज 25 मत हासिल हुए। संसदीय दल के नेता पद के चुनाव में जीत का मतलब है कि 20 नवंबर के आम चुनाव में नेपाली कांग्रेस के सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने के बाद देउबा संभवतः अगली सरकार का नेतृत्व करेंगे। प्रधानमंत्री देउबा ने उन्हें संसदीय दल का नेता बनाने के लिए सांसदों को धन्यवाद दिया और कहा कि वह व्यवधानों से मुक्त पार्टी बनाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी ने मुझे जीतने में मदद की। आपको बहुत बहुत धन्यवाद। आने वाले दिनों में मैं इस पार्टी को अच्छी तरह आगे बढ़ाकर उसे व्यवधानों से मुक्त रखूंगा। थापा संसदीय दल के नेता के चुनाव में देउबा के एकमात्र प्रतिद्वंद्वी थे। दोनों उम्मीदवारों ने मंगलवार को नामांकन दाखिल किया था।  नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राम चंद्र पौडेल ने देउबा के नाम का प्रस्ताव किया था, जिसका पार्टी के एक अन्य नेता पूर्ण बहादुर खड़का ने समर्थन किया। डॉ. शेखर कोइराला ने थापा के नाम का प्रस्ताव किया था, जिसका विश्व प्रकाश शर्मा, प्रदीप पौडेल और धनराज गुरुंग ने समर्थन किया था। ‘माई रिपब्लिका’ अखबार के मुताबिक, मतदान केंद्र में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति दी जानी चाहिए या नहीं, इस पर असहमति के कारण बुधवार को चुनाव में लगभग एक घंटे की देरी हुई। अखबार के अनुसार, नेपाली कांग्रेस के सांसदों को अपने निर्वाचन प्रमाणपत्र के साथ मतदान स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया गया था। नेपाली कांग्रेस इस हिमालयी देश की एकमात्र पार्टी है, जो संसदीय दल के नेता के लिए चुनाव कराती है। A