पटना : केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा राज्यसभा में की गई ये लोग देश को बिहार बनाना चाहते हैं वाली टिप्पणी की कई विपक्ष पार्टियों ने ने कड़ी आलोचना की है। बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी पीयूष गोयल की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। तेजस्वी यादव ने गुरुवार को कहा कि बिहार के साथ हमेशा पक्षपात किया जाता रहा है। एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा बिहार को लेकर जो बातें कही गई है, उससे उनकी मंशा साफ दिखती है। राजधानी पटना में पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान तेजस्वी ने कहा कि बिहार ने गुजरात से आए मोहनदास करमचंद गांधी को महात्मा बनाया, सभी लोगो को अपनाया है, बिहार की धरती लोकतंत्र की जननी रही है। तेजस्वी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए। इस बीच गुरुवार को बिहार पर अपने विवादित बयान पर संसद में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि मैं स्पष्ट कर दूं कि मेरा बिहार या बिहार के लोगों का अपमान करने का कोई इरादा नहीं है। अगर इससे किसी की भावना को ठेस पहुंची है, तो मैं तुरंत उस बयान को वापस लेता हूं।