गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने शुक्रवार को धेमाजी जिले में विकास के लिए एक पखवाड़ा पहल के तहत जिले के विकास के लिए 1220.21 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास, भूमिपूजन और उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने इस पहल के तहत धेमाजी में 605.24 करोड़ रुपए की लागत से नए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल निर्माण, 49.89 करोड़ रुपए की लागत से धेमाजी जिले का एकीकृत डीसी कार्यालय और 50.53 करोड़ रुपए की लागत से देवरीबिल में जिला खेल स्टेडियम निर्माण सहित और कई परियोजनाओं के निर्माण की आधारशिला रखी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सिलीखागुड़ी से लखीपाथर तक 8.75 करोड़ रुपए से किया गया नई सड़क के सुधार, 10.00 करोड़ रुपए से करिचुक तिनाली से धेमाजी इंजीनियरिंग कॉलेज तक सड़क का सुधार और बालीजान में 8.66 करोड़ रुपए से निर्माण किए   गए 33/11 केवी जीआईएस सब-स्टेशन का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने दो परियोजनाओं का भूमिपूजन भी किया जिनमें सिसिकलघर से देवरीघाट तक 18.68 करोड़ रुपए से सड़क निर्माण और सोनारी गांव से डिजमोर तक 30.79 करोड़ रुपए से सड़क निर्माण शामिल हैं। इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि असम सरकार धेमाजी की छवि को बाढ़ प्रभावित जिले से विकसित और प्रगतिशील जिले में बदलने के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने राज्य में बंद और धरने की संस्कृति को छोड़ने और कार्य संस्कृति को विकसित करने एवं बौद्धिक अभ्यास के लिए सामाजिक वातावरण को फिर से जीवंत करने, विश्व स्तरीय खिलाड़ी बनाने के अलावा स्वदेशी संस्कृति और कृषि और अर्थव्यवस्था के अन्य क्षेत्रों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। धेमाजी के लिए भविष्य की विकास योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धेमाजी के सभी उच्च विद्यालयों के बुनियादी ढांचे को चरणबद्ध तरीके से 7 से 8 करोड़ रुपए की लागत से उन्नत करेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही धेमाजी में एक बड़ी दुग्ध प्रसंस्करण इकाई स्थापित की जाएगी। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का समर्थन करने के लिए धेमाजी के 20,000 लाभार्थियों को अरुणोदय योजना के तहत शामिल किया जाएगा। इसके अलावा गरीब परिवारों को राशन कार्ड प्रदान किए जाएंगे जिसके तहत उन्हें 5 लाख रुपए तक के मुफ्त चिकित्सा उपचार के लाभ भी प्राप्त होगा। उन्होंने जिले के किसानों से जिले को आत्मनिर्भर बनाने के लिए दालों के उत्पादन पर ध्यान केंद्रित करने का भी आग्रह किया। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में संचार नेटवर्क को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार डिब्रूगढ़ में सुकाफा तिनाली से जोनाई होकर  अरुणाचल प्रदेश में ओयन तक सड़क को चार लेन की सड़क में अपग्रेड करेगी। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज पेगु, स्वास्थ्य मंत्री केशव महंत, सांसद प्रदान बरुवा, विधायक भुवन पेगु, मिसिंग ऑटोनॉमस काउंसिल के सीईएम परमानंद सायेंगिया, सोनोवाल कचहरी स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टंकेश्वर सोनोवाल, जिला परिषद के अध्यक्ष मोहन गोगोई, बोडो कछारी विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मिहिनेश्वर बसुमतारी, हाउसिंग बोर्ड के उपाध्यक्ष सुभाष दत्त भी उपस्थित थे। बाद में मुख्यमंत्री ने धेमाजी जिले में डीसी कार्यालय परिसर में वीर लाचित बरफुकन की प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने धेमाजी में भरालीचुक नंबर 2 में निर्मित जिला भाजपा के नये कार्यालय का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को सम्मानित किया।