गुवाहाटी : स्थानीय लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (एलजीबीआई) पर कम दृश्यता के कारण बुधवार को विमानों का परिचालन प्रभावित हुआ, जिससे यात्री टर्मिनल पर भीड़ इकट्ठा हो गई। उन्होंने बताया कि अडानी समूह के नियंत्रण वाले हवाई अड्डे ने एक परामर्श जारी कर यात्रियों को हवाई अड्डे पर पहुंचने से पहले संबंधित विमानन कंपनी से संपर्क कर उड़ान के प्रस्थान समय के बारे में पता लगाने की सलाह दी। एलजीबीआई हवाई अड्डे ने अपने यात्री परामर्श में कहा कि खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण गुवाहाटी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानें मामूली रूप से प्रभावित हुई हैं। हवाई अड्डे के एक सूत्र ने बताया कि अभी तक कोई उड़ान रद्द नहीं की गई है। सूत्र ने कहा कि मंगलवार को कोहरे के चलते सात विमानों ने देरी से उड़ान भरी। इस कारण दोपहर में व्यस्त समय में यात्री टर्मिनल पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। सूत्र के अनुसार मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच टर्मिनल पर 2,196 यात्री इकट्ठा हो गए थे, जबकि इसकी क्षमता 450 यात्रियों के करीब है। गुवाहाटी में वायु यातायात नियंत्रण (एटीसी) को नियंत्रित करने वाले भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक अधिकारी ने कहा कि विमानों के उतरने के लिए हवाई अड्डे पर आवश्यक न्यूनतम दृश्यता 1,300 मीटर, जबकि उड़ान भरने के लिए 300-350 मीटर है।
कम दृश्यता से गुवाहाटी हवाई अड्डे पर विमान सेवा प्रभावितकम दृश्यता से गुवाहाटी हवाई अड्डे पर विमान सेवा प्रभावित