बांका में पिता के पर्यावरण प्रेम को पुत्र ने हरित श्रद्धांजलि दी। मामला रजौन बाजार निवासी सुमित कुमार ने पिता के श्राद्ध कर्म में आए लोगों के बीच पौधे का वितरण किया। वहीं सेवानिवृत्त शिक्षक को श्रद्धांजलि देने के बाद लोगों ने पौधे के साथ सेल्फी ली। हाल ही में पर्यावरण संरक्षण को लेकर बांका के रजौन बाजार निवासी सुमित कुमार ने अनूठी पहल की है। सुमित के पिता सेवानिवृत्त शिक्षक नित्यानंद सिंह पर्यावरण संरक्षण को लेकर ताउम्र लोगों को जागरुक करते रहे थे। ऐसे में सुमित ने उनके श्राद्ध कर्म के मौके पर पहुंचे लोगों के बीच फलदार पौधे का वितरण किया। साथ ही एक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया था, यहां पर लोगों ने पौधे के साथ सेल्फी भी ली। सुमित ने बताया कि लोगों के बीच 300 आम, अमरूद, कटहल, महोगनी समेत अन्य फलदार पौधे का वितरण किया गया। उनके पिता पर्यावरण संरक्षण को लेकर सदैव तत्पर रहते थे। स्कूलों में भी बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते थे। उन्हीं से प्रेरित होकर उन सब ने मिलकर हरिजन नाम से पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक संगठन भी तैयार किया है। इसमें डॉ. रवि रंजन, मिथिलेश, कन्हैयालाल, अंकित, गोलू, दिलीप मंडल समेत अन्य लोग शामिल हैं। सुमित और हरित रजौन की पहल का स्थानीय विधायक भूदेव चौधरी ने भी खूब सराहना की। उन्होंने कहा कि ये युवा पर्यावरण संरक्षण को लेकर बेहतरीन काम कर रहे हैं। इस तरह के प्रयास को और विस्तार देने की जरूरत है। वे खुद लोगों से ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण को लेकर अपील करते हैं। बांका में इस अनूठी पहल को देखकर लोगों ने काफी सराहना किया है। अपने पिता के साथ कर्म के मौके पर पौधा वितरण के साथ अनूठी पहल की गई। जिसको लेकर जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बेटे ने पिता को दी हरित श्रद्धांजलि किया 300 पौधों का वितरण