गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने मंगलवार को जनता भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में गुवाहाटी में जियो की ट्रू-5जी सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने गुवाहाटी में जियो की ट्रू-5जी सेवाओं की शुरुआत को ऐतिहासिक और मोबाइल कनेक्टिविटी के एक नए युग की शुरुआत करार दिया। उन्होंने कहा कि ट्रू-5जी लांच ने असम के लोगों के लिए असीम अवसर खोले हैं और इसके परिणामस्वरूप राज्य की अर्थव्यवस्था और सामाजिक जीवन के हर क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। उन्होंने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भारत में 5जी सेवाओं के सफल लॉंच के बाद मंगलवार को गुवाहाटी में 5जी सेवाओं के लांच के लिए टीम जियो असम को भी बधाई दी। टीम जियो की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि 9500 करोड़ रुपए के अपने मौजूदा निवेश के अलावा जियो ने  असम में 5जी नेटवर्क की प्रगति पर काम के लिए 2500 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश किया है। उन्होंने कहा कि यह असम के विकास के प्रति जियो की अपार प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि असम के हर कस्बे और ब्लॉक में जियो ट्रू-5जी सेवाओं को तेजी से उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी को बाढ़ और कोविड काल के दौरान असम को उनके उदार समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि असम में रिलायंस इंडस्ट्रीज द्वारा निवेश राज्य में विकास को एक महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करता   है। इस अवसर पर प्रदर्शित क्लीनिक इन बैग नामक स्वास्थ्य समाधान के बारे में बताते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि यह सुविधा जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं में काफी मदद कर सकती है। मुख्यमंत्री ने कामाख्या मंदिर में मुफ्त 5जी सेवाएं प्रदान करने के लिए जियो की सराहना की और कहा कि इससे आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को काफी मदद मिलेगी और पर्यटन की दृष्टि से भी यह एक स्वागत योग्य कदम है। डॉ. शर्मा ने यह भी कहा कि भारत की 5जी तकनीक पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक के साथ विकसित की गई  और इससे दुनिया को प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की प्रगति के बारे में एक मजबूत संदेश भी मिला है। उन्होंने कहा कि 5जी के साथ भारत ने एक नया इतिहास रचा है और यह भारत के लिए और साथ ही डिजिटल इंडिया अभियान के लिए बहुत बड़ी सफलता है। मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि 5जी तकनीक भारतीयों के लिए जबरदस्त अवसर लाती है और इसका शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, विनिर्माण और उद्योग आदि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। कार्यक्रम में रिलायंस इंडस्ट्रीज के ग्रुप प्रेसिडेंट तरुण झुनझुनवाला, रिलायंस जियो के स्टेट बिजनेस हेड प्रदीप चंदा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव समीर कुमार सिन्हा और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।