लॉस एंजिलिस : गोल्डन ग्लोब्स इस साल एक बार फिर अपनी पुरानी चमक-दमक के साथ लौटा, जहां मशहूर हस्तियों ने रेड कार्पेट पर अपना जलवा बिखेरा। भारत की ओर से फिल्म ‘आरआरआर’ के कलाकार रामचरण, जूनियर एनटीआर और निर्देशक एसएस राजामौली ने 2023 गोल्डन ग्लोब्स के रेड कार्पेट पर शानदार एंट्री की। फिल्मकार एसएस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ ने पहली बार 2023 गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में अपने लोकप्रिय गीत ‘नाटु नाटु’ के लिए सर्वश्रेष्ठ ‘ओरिजिनल सॉन्ग-मोशन पिक्चर’ श्रेणी का पुरस्कार अपने नाम कर लिया है। हालांकि सर्वश्रेष्ठ ‘पिक्चर नॉन इंग्लिश’ श्रेणी में उसे अर्जेंटीना की फिल्म ‘अर्जेंटीना 1985’ ने मात दी। स्टीवन स्पीलबर्ग की ‘द फैबेलमैन्स’ को सर्वश्रेष्ठ ड्रामा फिल्म और मार्टिन मैकडॉनघ की ‘द बैनशीज ऑन इनिशेरिन’ को कॉमेडी या संगीत श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिला। स्टीवन स्पीलबर्ग की यह पांचवीं फिल्म है, जिसे सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिला है। गोल्डन ग्लोब अवार्ड में 14 बार सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के लिए नामित किए गए स्पीलबर्ग को तीसरी बार यह पुरस्कार मिला। फिल्म ‘एवरीथिंग एवरीवेयर ऑल एट वन्स’ भी कई पुरस्कार अपने नाम करने के साथ समारोह में छाई रही। टेलीविजन की दुनिया में ‘एबॉट एलिमेंटरी’, ‘व्हाइट लोटस’ और ‘हाउस ऑफ द ड्रैगन’ का बोलबाला रहा। कॉमेडियन जेरोड कारमाइकल ने कैलिफोर्निया के बेवर्ली हिल्स स्थित बेवर्ली हिल्टन में 80वें गोल्डन ग्लोब पुरस्कार समारोह की शुरुआत की। शाम का पहला पुरस्कार अभिनेता के हुय क्वान के नाम रहा। उन्हें ‘एवरीथिंग एवरीवेयर ऑल एट वन्स’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सह-कलाकार के पुरस्कार से नवाजा गया। फिल्म की अभिनेत्री मिशेल योह को ‘कॉमेडी या संगीत’ श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। फिल्म ‘ब्लैक पैंथर : वकांडा फॉरएवर’ के लिए एंजेला बैसेट को सर्वश्रेष्ठ सह-कलाकार (अभिनेत्री) का पुरस्कार मिला। फिल्म ‘एल्विस’ के ऑस्टिल बटलन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। हालांकि इस श्रेणी में सबसे पंसदीदा ‘द व्हेल’ के कलाकार ब्रेंडन फ्रेजर थे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिल्म फिल्म से जुड़े तमाम कलाकारों को बुधवार को बधाई दी और कहा कि इस प्रतिष्ठित सम्मान ने हर भारतीय को गौरवान्वित किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया कि यह एक बहुत ही खास उपलब्धि है। एमएम कीरावानी, प्रेम रक्षित, काल भैरव, चंद्र बोस, राहुल सिप्लिगुंज को बधाइयां। मैं एसएस राजामौली, जूनियर एनटीआर, राम चरण और आरआरआर की पूरी टीम को भी बधाइयां देता हूं। इस प्रतिष्ठित सम्मान ने हर भारतीय को बहुत गौरवान्वित किया है। वहीं निर्देशक एसएस राजामौली ने कहा कि वह निःशब्द हैं। समारोह समाप्त होने के कुछ घंटों बाद राजामौली ने ट्विटर पर एक संक्षिप्त पत्र साझा किया, जिसमें उन्हें संगीत की विभिन्न संस्कृतियों से जुड़ने की असीम क्षमताओं का उल्लेख किया। फिल्मकार ने लिखा- निःशब्द। संगीत की सचमुच कोई सीमा नहीं होती। राजामौली ने कीरावानी को धन्यवाद दिया, जो उनके रिश्ते के भाई भी हैं। उन्होंने कहा कि नाटु नाटु गीत देने के लिए आपका शुक्रिया। यह बेहद खास है। राजामौली ने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि मैं दुनिया में हर जगह इस गीत पर थिरकने और इसे लोकप्रिय बनाने वाले हर एक शख्स का शुक्रिया अदा करता हूं।
गोल्डन ग्लोब्स : ‘नाटु नाटु’ को सर्वश्रेष्ठ मूल गीत का पुरस्कार