गुवाहाटी : कमतापुर लिबरेशन आर्मी (केएलओ) के प्रमुख जीवन सिंह एक अलग कामतापुर राज्य बनाने के उद्देश्य से शांति वार्ता का मार्ग प्रशस्त करने के लिए देश की मुख्यधारा में लौट आए हैं। सशस्त्र विद्रोही समूह के अध्यक्ष जीवन सिंह ने म्यामां के एक शिविर से भारत में प्रवेश किया और सीमा पर बीएसएफ के समक्ष पेश हुए। सूत्रों ने कहा  कि केएलओ प्रमुख को बीएसएफ ने असम राइफल्स को सौंप दिया। जीवन सिंह फिलहाल असम राइफल्स की हिरासत में हैं, लेकिन असम पुलिस ने कहा कि उन्हें उसकी वापसी की कोई जानकारी नहीं है। गौरतलब है कि दो दिन पहले केएलओ प्रमुख जीवन सिंह ने मीडिया को दिए एक बयान में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ शांति वार्ता अंतिम चरण में पहुंच गई है और वह जल्द ही केंद्र सरकार के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इससे पहले केएलओ के डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ सूर्य कोंच ने संकेत दिया था कि गणतंत्र दिवस से पहले एक अलग कमतापुर शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।