गुवाहाटी : असम सचिवालय के बी ब्लॉक का कुछ अंश गिराने के लिए तैयारी हो रही है। भोगली बिहू से कुछ दिन पहले ही कई मजदूरों ने हाथों में हथौड़ी लेकर जनता भवन के बी ब्लॉक के एक हिस्से को तोड़ना शुरू कर दिया है। जनता भवन के सूत्रों ने कहा कि बी ब्लॉक के बगल में मुख्यमंत्री के लिए एक नया ब्लॉक निर्माणाधीन है। इस अत्याधुनिक सीएम ब्लॉक का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। अगर सब ठीक रहा तो इस साल के मध्य में मुख्यमंत्री कार्यालय नए ब्लॉक में स्थानान्तरित किया जाएगा। हालांकि नवनिर्मित मुख्यमंत्री कार्यालय को सामने स्थित बी ब्लॉक के एक हिस्से ढक रखा है इसलिए बी ब्लॉक के उस हिस्से को गिराने का काम शुरू हो गया है।

बी ब्लॉक के इस हिस्से को गिराया जाए तो नवनिर्मित मुख्यमंत्री ब्लॉक से काफी दूर तक सब कुछ साफ दिखाई देगा। मुख्यमंत्री के काफिले के लिए पार्किंग की भी सुविधा होगी। इसके अलावा नवनिर्मित सीएम ब्लॉक मुख्यमंत्री आवास के समीप स्थित होगा। इस बीच, राज्य मंत्रिमंडल ने भविष्य में असम सचिवालय को जागीरोड में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। मंत्रिपरिषद ने अधिसूचना जारी कर राज्य सरकार के नगर विकास विभाग को इस संबंध में मास्टर प्लान तैयार करने का निर्देश दिया है। राज्य कैबिनेट ने नगांव पेपर मिल की खाली पड़ी जमीन पर सैटेलाइट टाउनशिप और नवनिर्मित जनता भवन की योजना तैयार करने को पहले ही मंजूरी दे दी है।

गुवाहाटी मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) पूरी परियोजना के लिए क्रियान्वयन करने वाली एजेंसी होगी। यह उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने गुवाहाटी के नदी तटों के सौंदर्यीकरण के लिए पानबाजार पानी की टंकी से कचहरी तक के क्षेत्र में डीसी कार्यालय, पुलिस अधिकारी कॉलोनी सहित डीजीपी और जीएमसी आयुक्त कार्यालय को पहले ही तोड़ दिया है। उसी प्रकार निचली अदालतें, बार एसोसिएशन के कार्यालय, एसबीआई के पान बाजार, गुवाहाटी स्थित प्रधान कार्यालय, मुख्य न्यायाधीश का कार्यालय, आदि तोड़ने का काम पाइपलाइन में है।