गुवाहाटीः  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2024 के लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए  सुधार करेगी ताकि भाजपानीत गठबंधन अधिक सीटों पर जीत सके। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने मंगलवार को मोरीगांव में आयोजित पार्टी की कार्यकारिणी बैठक में भाग लेते हुए कहा कि भाजपा 2024 के लोकसभा चुनावों में राज्य में अपने प्रदर्शन में सुधार करेगी। हालांकि उन्होंने यह अनुमान लगाने से इंकार कर दिया कि भाजपा कितनी सीटें जीत सकती हैं। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनावों में 14 लोकसभा सीटों में से नौ पर जीत हासिल की थी, जो पूर्वोत्तर राज्य में उसका अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन है।

पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री डॉ.शर्मा ने कहा कि यहां चर्चा पूरी तरह चुनाव केंद्रित नहीं थी, लेकिन जब संगठन को मजबूत करने की बात होती है तो चुनाव का मुद्दा भी सामने आ जाता है। अगले लोकसभा चुनाव में पार्टी की संभावनाओं पर एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी का अपना आकलन होगा मेरा अपना आकलन यह नहीं कि हम कितने सीटों पर जीत रहे हैं। हालांकि हम अधिक सीटों पर जीतने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे और हमें आशा है कि परिणाम पहले से बेहतर होगा। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि अभी लोकसभा चुनाव की हवा नहीं चली है। इस समय किसी संख्या को ध्यान में रखकर आगे बढ़ना अच्छा नहीं है। 

उन्होंने कहा कि पार्टी की कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की चर्चाओं और फैसलों पर चर्चा की गई ताकि इन्हें बूथ स्तर तक ले जाया जा सके।  जहां लगता है कि हम कमजोकिैं वहां पार्टी पूरी तरह से अपना अस्तित्व खड़ा करने पर जोर देगी। परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अगर यह अमल में आता है तो निर्वाचन क्षेत्र अलग हो सकते हैं। अगर ऐसा नहीं हुआ तो तस्वीर कुछ और होगी। फिलहाल सीटवार संभावनाओं पर चर्चा करना मुश्किल है।

उन्होंने कहा कि परिसीमन के बाद भी विधानसभा क्षेत्रों की कुल संख्या 126 ही रहेगी।  प्रक्रिया किसी को भी स्थायी रूप से पक्ष या लाभ नहीं देती है और यह परिसीमन आम तौर पर लोगों का प्रतिबिंब है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक हुई, जिसमें भाजपा संसदीय बोर्ड एवं केंद्रीय चुनाव समिति तथा केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तथा सांसद दिलीप सैकिया,केंद्रीय सह प्रभारी पवन शर्मा, भाजपा के सांसद, विधायक और प्रदेश कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति में बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव लिए गए। साथ ही भावी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बूथ स्तर पर पार्टी को और मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई।