लॉस एंजिलिस : फिल्मकार एसएस राजामौली की ‘आरआरआर’ ने मंगलवार को फिल्म के गाने ‘नाटू नाटू’ के साथ सर्वश्रेष्ठ मूल गीत श्रेणी में ऑस्कर नामांकन हासिल करके इतिहास रच दिया। इसके साथ ही ऑस्कर 2023 के लिए डॉक्यूमेंट्री फीचर फिल्म कैटेगरी में शौनक सेन की ‘ऑल दैट ब्रीद्स’ को भारत के लिए नॉमिनेट किया गया है। आरआरआर की आधिकारिक वेबसाइट के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया कि हमने इतिहास रचा है। यह साझा करते हुए गर्व और खुशी हो रही है कि नाटू नाटू को 95वें एकेडमी पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ मूल गीत के लिए नामांकित किया गया है।
एमएम कीरावनी द्वारा रचित और काल भैरव व राहुल सिप्लिगुंज द्वारा लिखित ‘नाटू नाटू’ के लिए यह तीसरी बड़ी अंतर्राष्ट्रीय मान्यता है। कीरावनी ने इस महीने की शुरुआत में गाने के लिए गोल्डन ग्लोब के साथ-साथ क्रिटिक्स चॉइस अवार्ड जीता था। फिल्म ने एक और क्रिटिक्स चॉइस अवार्ड-सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म श्रेणी का खिताब जीता। डैनी बॉयल द्वारा निर्देशित 2008 की ब्रिटिश फिल्म ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ का ‘जय हो’ सर्वश्रेष्ठ मूल स्कोर और मूल गीत श्रेणियों में अकादमी पुरस्कार जीतने वाला पहला हिंदी गीत था। इसका संगीत ए आर रहमान ने तैयार किया था और गुलजार ने लिखा था।
वहीं जलवायु परिवर्तन से संबंधित भारतीय वृत्तचित्र ऑल दैट ब्रीद्स ने अकादमी पुरस्कारों के 95वें संस्करण में अंतिम नामांकन सूची में जगह बनाई। दिल्ली में बना वृत्तचित्र दो भाइयों, मोहम्मद सऊद और नदीम शहजाद पर आधारित है, जिन्होंने घायल पक्षियों, विशेष रूप से काली चीलों को बचाने और उनका इलाज करने के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। ऑल दैट ब्रीद्स को बाफ्टा अवार्ड के लिए भी नामांकित किया गया है।