नई दिल्ली : कुछ पार्षदों के हंगामे के बीच दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सदन की कार्यवाही मंगलवार को महापौर और उप महापौर का चुनाव कराए बिना स्थगित कर दी गई। महापौर चुनाव के लिए दूसरी बार सदन की बैठक बुलाई गई, लेकिन यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई, जिसके बाद आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षदों और विधायकों ने प्रदर्शन किया। एमसीडी सदन की छह जनवरी को पिछली बैठक के दौरान हुई अव्यवस्था की पुनरावृत्ति से बचने के लिए सदन कक्ष, सिविक सेंटर परिसर में भारी सुरक्षा तैनाती थी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आप सदस्यों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद पीठासीन अधिकारी, भाजपा पार्षद सत्या शर्मा ने बिना मतदान कराए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। आप के सभी पार्षद, पार्टी के 13 विधायक तथा तीन सांसद सदन में बैठ गए और भाजपा पार्षदों से वापस आने की मांग की ताकि महापौर का चुनाव कराया जा सके। आप नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि जब तक भाजपा पार्षद वापस नहीं आते और चुनाव नहीं हो जाते, तब तक हम सदन से बाहर नहीं निकलेंगे।

चुनाव होने तक हम यहां बैठेंगे। महापौर पद के लिए भाजपा की उम्मीदवार और शालीमार बाग से तीन बार की पार्षद रेखा गुप्ता ने भी सिविक सेंटर पर धरना दिया। गुप्ता ने दावा किया कि आप ने हंगामा शुरू किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। रेखा ने कहा कि आप पार्षदों में से एक प्रवीण ने हमारी महिला पार्षद को धक्का दिया और मैंने (आप विधायक) आतिशी से इस घटना की शिकायत की। वे हंस रहे थे और धक्का-मुक्की कर रहे थे। यह 15 दिनों में दूसरा मौका है जब हंगामे की वजह से सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी और महापौर का चुनाव नहीं हो सका।