गुवाहाटी : कामरूप जिले के बोको थानांतर्गत वीरपाड़ा में मंगलवार तड़के करीब चार बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग नं. 17 पर तीन ट्रकों के आपस में टकराने के कारण यह घटना घटी। प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरपाड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग नं. 17 पर एक चाय की दुकान के पास तीन ट्रक आपस में एक-दूसरे से टकरा गए। उल्लेखनीय है कि एएस-25-ईसी-1877 नंबर का एक  ट्रक वहां पहले से खड़ा था।

इसी बीच छयगांव औद्योगिक विकास केंद्र से गुवाहाटी की ओर ब्रायलर का दाना  ले जा रहा एएस-01-जीसी-3904 नंबर वाला ट्रक वहां खड़े डंपर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसके बाद विपरीत दिशा से आ रहे एएस-01-एनसी-9882 नंबर वाले खाली ट्रक से उसका आमने-सामने  का टक्कर हो गया। गौरतलब है कि हादसे के समय एक ट्रक के तेल के टैंक में टक्कर लग जाने के कारण तुरंत आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते तीन ट्रकों को चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में दाने से लदे ट्रक और खाली ट्रक के ड्राइवर दोनों जलकर मर गए। इस हादसे में राष्ट्रीय राजमार्ग नं. 17 पर वीरपाड़ा में अच्युत कलिता की चाय की दुकान भी पूरी तरह से जलकर राख हो गई।

इसके साथ चार अन्य लोग भी घायल हो गए। हादसे की खबर मिलने पर बोको थाने के सहायक निरीक्षक अपूर्व कलिता के नेतृत्व में पुलिस टीम व दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की। हालांकि तीनों ट्रक पूरी तरह से जलकर खाक हो गए। हादसे की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग नं. 17  करीब 8 घंटे तक बंद रहा। मृतकों की पहचान ग्वालपाड़ा जिले के दुधनै जिले के उपरटोला के भद्रेश्वर पाटगिरी और बोको थाना अंतर्गत बामुनिगांव के नोमल चौधरीपाड़ा के कृष्ण दास के रूप में हुई है। बोको पुलिस ने जले हुए ड्राइवरों के शवों को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।