वाशिंगटन : राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल के अपने अमरीकी समकक्ष जेक सुलिवन सहित शीर्ष अमरीकी नेतृत्व के साथ बातचीत के लिए एक महत्वपूर्ण दौरे पर वाशिंगटन पहुंचने से पहले राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन ने कहा कि भारत अमरीका के लिए एक महत्वपूर्ण साझेदार है। अमरीकी विदेश मंत्रालय के उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने डोभाल की अगले हफ्ते होने वाली वाशिंगटन यात्रा के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में बृहस्पतिवार को पत्रकारों से कहा कि भारत कई क्षेत्रों में अमरीका के लिए एक महत्वपूर्ण भागीदार है जिनमें व्यापार क्षेत्र भी शामिल है। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से इसमें सुरक्षा सहयोग भी शामिल है।
इसमें तकनीकी सहयोग भी शामिल है। पटेल ने कहा कि वह आगामी बैठकों के मद्देनजर इस पर अधिक जानकारी नहीं देना चाहेंगे। उन्होंने कहा कि यह (भारत-अमरीका संबंध) हमारे लिए निश्चित रूप से बहुत महत्वपूर्ण है। दोनों देशों ने अभी तक डोभाल की वाशिंगटन यात्रा की घोषणा नहीं की है।
पिछले दिनों भारत के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार विक्रम मिश्री वाशिंगटन में थे और उन्होंने बाइडेन प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की थी। अमरीका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने बुधवार को ट्वीट किया था, ‘इंडिया हाउस में भारत के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, प्रिय सहयोगी एवं मित्र विक्रम मिश्री की मेजबानी कर प्रसन्नता हुई।