डिब्रूगढ़ : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा की अध्यक्षता में आज सोमवार को डिब्रूगढ़ में राज्य कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक के बाद खुद सीएम ने महत्वपूर्ण निर्णयों के बारे में एक संवाददाता में जानकारी दी। मौके पर उपस्थित पत्रकारों से गुफ्तगू करते हुए सीएम ने कहा कि लगातार बढ़ रही बिजली की मांग के मद्देनजर राज्य सरकार उत्तर प्रदेश के घाटमपुर स्थित कोयला आधारित थर्मल पावर प्लांट में एक हजार करोड़ रुपए का   निवेश करेगी ताकि असम में बढ़ रही बिजली की खपत को पूरा किया जा सके। साथ ही डिब्रूगढ़ की विकासमूलक योजनाओं के लिए प्रायः दो हजार करोड़ रुपए  की मंजूरी दी गई। 

राज्य में बढ़ती बिजली की मांग को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश के घाटमपुर स्थित कोयला आधारित थर्मल पावर प्लांट में असम सरकार एक हजार करोड़ रुपए लगाकर 20 प्रतिशत शेयर खरीदेगी, जिससे असम को 400 मेगावाट बिजली प्रतिदिन मिलेगी, जिसके लिए मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा मंगलवार को उत्तर प्रदेश जाएंगे। इस प्रस्ताव को आज की कैबिनेट में पास कर लिया गया। मुख्यमंत्री  ने  कहा कि आगामी 10 मार्च से असम विधानसभा की बजट सत्र आरम्भ होगा। आगामी 16 मार्च को वित्तमंत्री अजंता नेउग वित्तीय वर्ष 2023-24  का बजट पेश करेंगी। आज की बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है कि राज्य में फूल व्यवसाय का एक बहुत बड़ा बाजार है, लेकिन ऑर्किड के साथ ही विभिन्न प्रकार के फूल कोलकाता से मंगाया जाता है। साथ ही थाईलैंड के फूल भी असम के बाजार में आते हैं। राज्य के विभिन्न धार्मिक स्थलों के साथ विभिन्न आयोजनो में फूल का उपयोग किया जाता है, जिसके मद्देनजर राज्य सरकार स्टेट फोलिकलचर मिशन के गठन को मंजूरी दे दी।

इस मिशन में राज्य के 20 हजार किसानों को जोड़ा जाएगा। इस मिशन के लिए सरकार डेढ़ सौ करोड़ रुपये खर्च करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस थाना में कार्य करने वाली मैत्री सोसाइटी को तीन सौ करोड़ रुपए दिए जाएंगे, जिससे राज्य के पुलिस थानों के निर्माण को अग्रगति मिलेगी। आगामी 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम आएंगे और बिहू को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करने के लिए एक साथ 10-15 हजार युवक- युवती बिहू नृत्य प्रस्तुत करेंगे, इसका आयोजन सरुसजाई स्टेडियम में किया जाएगा। राज्य में एम्प्लॉयमेंट एक्सचेंज का कार्य अब ऑनलाइन होगा। डिब्रूगढ़ जिले के उन्नयन के लिए भी कई निर्णय लिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि आज की मीटिंग में निर्णय लिया गया कि मुख्यमंत्री का सचिवालय डिब्रूगढ़ में स्थायी रूप से कार्य करेगा, जिसके लिए एक स्थायी कार्यालय का निर्माण किया जाएगा।

इसी क्रम में तेजपुर में भी एक राज भवन का निर्माण किया जाएगा। दूसरी ओर डिब्रूगढ़ स्थित असममेडिकल कॉलेज अस्पताल के सभी कर्मियों के लिए एक आठ मंजिला भवन का निर्माण किया जाएगा,जिससे वहां स्थित आवासीय क्षेत्र की खाली जगह को चिकित्सालयों के निर्माण के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। इस इमारत के निर्माण में तीन सौ करोड़ रुपये आवंटित किया जाएगा। डिब्रूगढ़ में कांवेशन सेंटर की बहुत आवश्यकता है, जिसका निर्माण कराया जाएगा। खनिकर स्टेडियम की पांच हजार की सीटिंग क्षमता को बढ़ाकर पंद्रह हजार करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही डिब्रूगढ़ पुलिस रिजर्व के खेल मैदान को स्टेडियम के रूप में तब्दील किया जाएगा। डिब्रूगढ़ शहर के मध्य स्थित जिला कारागार को टिंगखांग विधानसभा क्षेत्र में ले जाया जाएगा। जिस जगह जिला कारागार था वह जगह रिक्त होने के बाद उसे एक उद्यान में  तब्दील किया जाएगा।