गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने बुधवार को पेश केंद्रीय बजट को ऐतिहासिक करार दिया,जो नए भारत के पुनरुत्थान की बुनियाद को मजबूत करेगा। डॉ. शर्मा के मुताबिक आम बजट पीएम विकास, राष्ट्रीय अपरेंटिस कार्यक्रम,पीएम कौशल विकास योजना 4.0 और डिजिटल  अर्थव्यवस्था और हरित अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहित करने में व्यापक निवेश के माध्यम से नौकरी के नए अवसर पैदा करने में मदद करेगा। हिमंत ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने परिवर्तनकारी सामाजिक-आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन देखा है और आध्यात्मिक परिवर्तन का गवाह बना है।

उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से प्रति व्यक्ति आय दोगुनी से अधिक हो गई है और भारत 2023 में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। मुख्यमंत्री ने उपरोक्त आशय की बातें ट्वीट कर कही।  उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रख्र में 13 लाख करोड़ रुपए के रिकॉर्ड आवंटन से अर्थव्यवस्था को काफी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि अमृतकाल में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से प्रस्तुत बजट 2023 वास्तव में ऐतिहासिक है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि  मैं पूंजी निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए राज्यों को और अधिक वित्तीय स्वायत्तता प्रदान करने के लिए सीतारमण जी को धन्यवाद देता हूं। सीएम ने कहा कि  कुल मिलाकर बजट मोदी के सबका साथ सबका विकास के आह्वान से प्रेरित है और इसका समाज के सभी वर्गों - उद्यमियों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, बच्चों और अन्य वंचित वर्गों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।