बेंगलुरु : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को एयरो इंडिया शो में भारतीय पवेलियन का उद्घाटन किया। इससे पहले अपने संबोधन में पीएम ने भारत की बढ़ती रक्षा ताकत और मेक इन इंडिया की उपलब्धियों का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि अमृतकाल का भारत एक फाइटर पायलट की तरह आगे बढ़ रहा है, जिसको ऊंचाइयां छूने से डर नहीं लगता। जो सबसे ऊंची उड़ान भरने के लिए उत्साहित है। पीएम मोदी ने कहा कि जब कोई देश नई सोच और नई अप्रोच के साथ आगे बढ़ता है तो उसकी व्यवस्थाएं भी नई सोच के साथ ढलने लगती हैं।
आज का ये आयोजन भारत की नई सोच को भी प्रतिबिंबित करता है। आज ये आयोजन केवल एक शो नहीं है, ये भारत की स्ट्रेंथ भी है और भारत की डिफेंस इंडस्ट्री के स्कोप और सेल्फ कॉन्फिडेंस को भी फोकस करता है।एयरो इंडिया के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह आयोजन एक वजह से बहुत खास है। यह कर्नाटक जैसे एक ऐसे राज्य में हो रहा है जिसे तकनीक की दुनिया में विशेष महारत हासिल है। इस आयोजन से एयरो स्पेस और डिफेंस के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे। कर्नाटक के युवाओं के लिए नई संभावनाएं पैदा होंगी।
उन्होंने कहा कि जहां मांग भी हो, क्षमता भी हो और अनुभव भी हो, स्वाभाविक सिद्धांत कहता है कि वहां उद्योग दिनों-दिन और आगे बढ़ेगा। एयरो इंडिया का ये आयोजन, आज नए भारत के नए दृष्टिकोण को भी प्रतिबिंबित करता है। एक समय था, जब इसे केवल एक शो या एक प्रकार से भारत को बेचने की एक खिड़की भर माना जाता था। बीते वर्षों में देश ने इस धारणा को भी बदला है। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु का आसमान आज नए भारत के सामर्थ्य का साक्षी बन रहा है।