शिलांग : अगर बीजेपी मेघालय की सत्ता पर काबिज होती है तो उत्तर प्रदेश के तरह मेघालय में भी मेगा फिल्म सिटी बनाई जाएगी, जिससे यहां की प्रतिभा को फिल्म की दुनिया में राष्ट्रीय स्तर पर आने का मौका मिलेगा। यह कहना है बीजेपी सांसद और बॉलीवुड अभिनेता रवि किशन का। रवि किशन मेघालय विधानसभा चुनाव 2023 के लिए बीजेपी का चुनाव प्रचार करने शिलांग पहुंचे थे। यहां उन्होंने एक संवाददाता सम्मेल्लन में बीजेपी की उन योजनाओं के बारे में बताया, जो रंगमंच और फिल्म निर्माण की दुनिया से जुड़ी हैं ।
रवि ने कहा कि मेघालय को रॉक सिटी के नाम से जाना जाता है। यहां संगीत के क्षेत्र में प्रतिभा की भरमार है, बावजूद इसके इन्हें वह जगह नहीं मिल पाई, जो मिलनी चाहिए थी। केवल इतना ही नहीं फिल्म सिटी बनने से यहां के बहुत से युवाओं को रोजगार भी मिलेगा, क्योंकि फिल्मी दुनिया से केवल अभिनेता और अभिनेत्री को ही लाभ नहीं मिलता, बल्कि उससे जुड़े हर एक व्यक्ति को इसका लाभ मिलता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यही योजना है कि मेघालय भी फिल्मों की दुनिया में आगे आए। वहीं एक अन्य प्रश्न के जवाब में स्टार प्रचारक रवि किशन ने कहा कि राजनीतिक दलों को चुनाव प्रचार में लक्ष्मण रेखा पार नहीं करनी चाहिए और शब्दों का इस्तेमाल ऐसा होना चाहिए कि किसी को ठेस न पहुंचे।