नई दिल्लीः घरेलू शेयर बाजार में कमजोर रूख के बीच अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में बुधवार को बड़ी गिरावट आई। समूह की सभी सूचीबद्ध कंपनियों के शेयर नुकसान के साथ बंद हुए। समूह की दस सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार मूल्यांकन बुधवार को 51,294.04 करोड़ रुपए घट गया। बीएसई पर अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 10.43 प्रतिशत टूटकर 1,404.85 रुपए पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 11.94 प्रतिशत टूटकर 1,381.05 रुपए तक आ गया था। अडाणी पोर्ट्स का शेयर 6.25 प्रतिशत, अडाणी पावर, अडाणी ट्रांसमिशन, अडाणी टोटल गैस सभी के शेयर पांच प्रतिशत नीचे आ गए।
अडाणी ग्रीन एनर्जी में 4.99 प्रतिशत, अडाणी विल्मर में 4.99 प्रतिशत और अंबुजा सीमेंट्स में 4.92 प्रतिशत की गिरावट आई। एनडीटीवी 4.13 प्रतिशत तथा एसीसी 3.97 प्रतिशत नुकसान में रहा। सुबह के कारोबार में समूह की कई कंपनियों के शेयर अपने निचले सर्किट पर पहुंच गये थे। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 927.74 अंक या 1.53 प्रतिशत के नुकसान से 59,744.98 अंक पर आ गया। अमरीका की वित्तीय शोध कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद से अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में लगातार गिरावट आ रही है। इस रिपोर्ट में समूह पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं।
हालांकि, समूह ने इन आरोपों को खारिज किया है। इस रिपोर्ट के आने के बाद, 24 जनवरी से सभी दस सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार मूल्यांकन 11,62,030.29 करोड़ रुपए घट गया है। इम्टिी ब्रोकिंग कंपनी स्टॉकबॉक्स में मुख्य तकनीकी विश्लेषक रोहन शाह ने कहा कि अडाणी समूह का बाजार पूंजीकरण करीब 25 लाख करोड़ रुपए से 70 फीसदी घटकर 7.55 लाख करोड़ रुपए रह गया है। शेयरों में गिरावट के चलते अडाणी ग्रुप का मार्केट कैप 51,000 करोड़ रुपए से ज्यादा कम होकर 7.5 लाख करोड़ रुपए पर आ गया है।
मंगलवार को, ग्रुप के 10 शेयरों का कंबाइन्ड मार्केट कैप 8,09,182 करोड़ रुपए था। वहीं 24 जनवरी को हिंडनबर्ग की रिपोर्ट सामने आने से पहले ग्रुप का एम कैप 19.19 लाख करोड़ था।इतना ही नहीं, फोर्ब्स की रियल टाइम बिलेनियर्स लिस्ट के मुताबिक गौतम अडाणी की नेटवर्थ सिर्फ 43.4 बिलियन डॉलर रह गई है। अडाणी को बीते 24 घंटे में 6.2 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। वे दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 26वें नंबर पर आ गए हैं।