नई दिल्लीः दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के करीब ढाई महीने बाद महापौर चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की शैली ओबेरॉय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रेखा गुप्ता को हरा दिया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप ने नतीजों को दिल्लीवासियों की जीत करार दिया और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘गुंडे’ हार गए। ओबेरॉय ने गुप्ता को 34 मतों के अंतर से हराया। चुनाव में संख्या बल आप के पक्ष में था, जिसे कुल 274 मतों में से भाजपा के 113 मतों के मुकाबले 150 मत मिले। दो मत निर्दलीय पार्षदों के थे।
ओबेरॉय को उनकी पार्टी के हिसाब से सभी मत मिले, जबकि भाजपा को अपनी कुल संख्या के मुकाबले तीन मत अधिक मिले। निर्वाचक मंडल में निर्वाचित पार्षदों के 250 वोट, भाजपा के सात लोकसभा सदस्य और दिल्ली से आप के तीन राज्यसभा सदस्य और 14 विधायकों के वोट शामिल थे। विधायकों में आप के 13 और भाजपा के एक विधायक के वोट थे। एमसीडी सदन में कांग्रेस के नौ पार्षद हैं। चुनाव परिणाम घोषित करते हुए पीठासीन अधिकारी एवं भाजपा पार्षद सत्या शर्मा ने मतदान प्रक्रिया से अनुपस्थित रहने वाले आठ पार्षदों के नामों की घोषणा की। ये सभी पार्षद कांग्रेस के थे।
दिल्ली विश्वविद्यालय की प्राध्यापक ओबेरॉय एकीकृत दिल्ली नगर निगम की पहली महापौर हैं। भाजपा की गुप्ता को 116 मत मिले, जो उनकी पार्टी के कुल मतों से तीन अधिक हैं। एमसीडी सूत्रों ने दावा किया कि उन्हें निर्दलीय पार्षदों और कांग्रेस पार्षद के भी दो वोट मिले। दिल्ली को चौथे प्रयास में महापौर मिला क्योंकि उपराज्यपाल द्वारा मनोनीत सदस्यों को मतदान का अधिकार दिए जाने को लेकर हंगामे के बीच पूर्व में चुनाव ठप हो गया था।