गुवाहाटी : गुवाहाटी के सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड मामले में इस्तेमाल दाव को आज बरामद कर लिया गया है। हत्याकांड में इस्तेमाल दाव बेचने वाले एक लोहार को गुवाहाटी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नृशंस हत्याकांड की मुख्य मास्टरमाइंड के रूप में गिरफ्तार वंदना कलिता के कबूलनामे के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को बोंदाजान से हत्या में इस्तेमाल विशेष दाव बरामद किया। गुवाहाटी पुलिस ने शहर के मारिया पब्लिक स्कूल के पास बोंदाजान में कीचड़ से वंदना कलिता द्वारा इस्तेमाल दाव को बरामद किया। बोंदाजान में पुलिस द्वारा दाव बरामद किए जाने के बाद वंदना कलिता ने मुस्कुराते हुए स्वीकार किया कि हां, यही दाव है। दाव बरामद होने के बाद पुलिस उसे बेचने वाले की तलाश में जुट गई और पाथरक्वारी इलाके से बृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे लोहार इमरान अंसारी को गिरफ्तार किया।
पुलिस का दावा है कि वंदना की टीम ने पाथरक्वारी में लोहार की दुकान से 350 रुपए में हत्या में इस्तेमाल दाव खरीदा था। पुलिस ने दाव बेचने वाले लोहार इमरान अंसारी को गिरफ्तार कर नूनमाटी थाने में ले गई। अब सवाल उठ रहा है कि दाव बेचने के कारण लोहार इमरान अंसारी को गिरफ्तार करना कहां तक उचित है? यह भी सवाल उठता है कि क्या सशस्त्र पुलिस ने इमरान अंसारी को पुलिस थाने में पेश होने या दाव की बिक्री को सत्यापित करने के लिए सबूत लेने या खरीदार की पहचान करने के लिए नोटिस देने के बजाए उसे एक अपराधी की तरह जबरन दुकान से क्यों उठा लाई।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह सार्वजनिक नहीं किया है कि बरामद दाव का इस्तेमाल वंदना कलिता ने पति अमरज्योति डे या उसकी सास शंकरी डे में से किसे मारने और काटने के लिए किया था। पुलिस ने यह भी खुलासा नहीं किया कि बोंदाजान में दाव कब फेंका गया। मां-बेटे की हत्या में एक ही दाल के इस्तेमाल की संभावना नहीं है। अगर मां-बेटे के शव को काटने के लिए दो दाव के इस्तेमाल किए गए तो दूसरा दाव कहां पर है?