बंदरदेवा : अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने वृहस्पतिवार को चांगलांग जिले में भारत-म्यामां सीमा पर नगा विद्रोहियों के एक शिविर पर छापा मारा और उसे नष्ट कर दिया। साथ ही पुलिस ने ईस्टर्न नगा नेशनल गवर्नमेंट (ईएनएनजी) के इस कैंप से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया। एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और चांगलांग पुलिस ने गुरुवार सुबह ही कैंप में छापा मार दिया। पुलिस के अनुसार इस विद्रोही समूह की आपत्तिजनक गतिविधियां कई महीनों से पुलिस के रडार पर थीं और इस समूह द्वारा उत्पन्न खतरे को देखते हुए इसकी खत्म करने के लिए कार्य करना आवश्यक था। पुलिस ने इस संबंध में रणनीति बनाई और ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
राज्य कार्य बल (एसटीएफ) के पुलिस अधीक्षक रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि उग्रवादियों के खिलाफ पुलिस की ओर से चलाया गया यह पहला बड़ा अभियान है। रिपोर्ट के अनुसार लुंगपांग गांव में पूर्वी नगा राष्ट्रीय सरकार (ईएनजीजी)के कैडरों की उपस्थिति के बारे में जानकारी मिलने पर आईजीपी (कानून और व्यवस्था)चुखू आपा द्वारा शिविर का भंडाफोड़ करने के लिए एक योजना तैयार की गई थी। इसके बाद चांगलांग के पुलिस अधीक्षक मिहिन गाम्बो और सिंह ने एसटीएफ और जिला पुलिस की एक टीम के साथ मिलकर अभियान शुरु कर दिया ।
सिंह ने बताया कि वृहस्पतिवार सुबह तड़के इस इलाके में एक नियंत्रित अभियान चलाया गया जिसके परिणामस्वरूप विद्रोहियों को ठिकाना छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। सिंह ने बताया कि दल ने शिविर से एक एके 47 राइफल, एक एम 16 राइफल, एक हथगोला, छह मैगजीन, गोला-बारूद और दस्तावेज बरामद किए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने शिविर को रूरी तरह नष्ट कर दिया। सिंह ने कहा कि संगठन कुछ महीनों से राज्य पुलिस के रडार पर था और विद्रोहियों द्वारा उत्पन्न खतरे का मुकाबला करने के लिए आवश्यक कार्रवाई के लिए एक रणनीति तैयार की गई थी।