डिजिटल डेस्क: अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के बीच कल दिल्ली में संक्षिप्त मुलाकात हुई। पिछले साल यूक्रेन में फरवरी में जंग शुरू होने बाद दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच यह पहली आमने-सामने की मुलाकात थी,तथा दिल्ली में जी-20 के विदेश मंत्रियों की बैठक से इतर दोनों नेताओं के बीच लगभग 10 मिनट तक बातचीत हुई और ब्लिंकन ने लावरोव को बताया कि अमेरिका यूक्रेन का समर्थन करना जारी रखेगा। 

यूक्रेन युद्ध को लेकर दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के दौरान यह मुलाकात हुई,और अमेरिकी विदेश मंत्री ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि उनकी रूसी विदेश मंत्री के साथ संक्षिप्त बातचीत हुई और उन्होंने उनसे न्यू स्टार्ट संधि को लेकर अपने देश के फैसले को बदलने और इसका पालन करने का आग्रह किया गया।

अमेरिका और सोवियत संघ के संबंध:

उन्होंने कहा कि मैंने रूसी विदेश मंत्री से कहा कि दुनिया में और हमारे संबंधों में चाहे जो कुछ भी हो रहा हो, लेकिन अमेरिका सामरिक हथियारों के नियंत्रण में शामिल होने और कार्रवाई करने के लिए हमेशा तैयार रहेगा, जैसा कि अमेरिका और सोवियत संघ ने शीतयुद्ध के चरम पर किया था।

परमाणु हथियार संधि निलंबित:

पिछले महीने, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका के साथ न्यू स्टार्ट परमाणु हथियार संधि को निलंबित करने के अपने फैसले की घोषणा की थी,यह संधि दोनों देशों के लिए परमाणु शस्त्रागार की सीमा तय करती है। रूस की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने जी-20 बैठक के दूसरे सत्र के दौरान विदेश मंत्री लावरोव से मिलने के लिए कहा।

यूक्रेन से सैनिकों को हटाने का आह्वान:

उन्होंने आगे कहा कि दोनों नेताओं की मुलाकात हुई लेकिन कोई बैठक या वार्ता नहीं हुई,ब्लिंकन ने जी-20 बैठक में कहा कि हमें अंतरराष्ट्रीय शांति और आर्थिक स्थिरता के लिए रूस से अपने युद्ध को समाप्त करने और यूक्रेन से सैनिकों को हटाने का आह्वान करना जारी रखना चाहिए।