गुवाहाटी : प्रधानमंत्री के प्रस्तावित पूर्वोत्तर दौरे  के मद्देनजर उनकी सुरक्षा को लेकर यहां की राज्य सरकारें विशेष रुप से  तत्पर हैं। नगालैंड विधानसभा के हाल में संपन्न चुनाव के बाद नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री शरीक होंगे। इस परिप्रेक्ष्य में कामरूप महानगर जिला प्रशासन  और कोहिमा जिला प्रशासन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित पूर्वोत्तर दौरे को लेकर जिला प्रशासनों ने नो ड्रोन जोन की घोषणा की है।

इसी कड़ी में आज कामरुप जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त जिला दंडाधीश ने आज एक आदेश जारी कर आगामी 7 और 8 मार्च को जिले को नो ड्रोन जोन की घोषणा की। दूसरी ओर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने आज नई दिल्ली में रविवार दोपहर बंद कमरे में बैठक की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर हुई बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा और नगालैंड के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नेफी रियो  भी मौजूद रहे।

बैठक नागालैंड के मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित की गई थी। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में रियो की एनडीपीपी ने 24 सीटें और बीजेपी ने 12 सीटें जीती थी। रियो सात मार्च को पांचवीं बार नागालैंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहेंगे। बीजेपी को इस बार भी रियो कैबिनेट में उपमुख्यमंत्री का पद दिया गया है। एनडीपीपी ने बीजेपी को कई अहम विभाग सौंपने पर सहमति जताई हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि आज की बैठक में मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में मेघालय और त्रिपुरा के शपथ ग्रहण की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से भी इन दोनों राज्यों की सरकारों के गठन पर चर्चा हुई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री गुवाहाटी लौट आए।