गुवाहाटी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुवाहाटी महानगर के कोइनाधरा के स्टेट गेस्ट हाउस में आयोजित राज्य कैबिनेट की बैठक को संबोधित किया। कैबिनेट की बैठक निर्धारित समयानुसार शाम छह बजे आयोजित हुई। प्रधानमंत्री ने कैबिनेट बैठक में असम कैबिनेट के सदस्यों की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैबिनेट में करीब डेड़ घंटे तक सरकार चलाने की नसीहत दी। कैबिनेट बैठक में शामिल होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम कैबिनेट के सदस्यों के साथ तस्वीर खिंचवाए।
गौरतलब है कि मंगलवार सुबह करीब 10ः15 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष विमान से बोरझार हवाई अड्डे पर उतरे। बोरझार हवाईअड्डे से वे विशेष हेलीकॉप्टर से शिलांग के लिए रवाना हो गए। उन्हें तीन विशेष हेलीकॉप्टरों द्वारा एस्कॉर्ट किया गया था। प्रधानमंत्री शिलांग में राजभवन में कोनराड संगमा के नेतृत्व वाली नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। फिर दोपहर 1.30 बजे प्रधानमंत्री ने कोहिमा में कैपिटल कल्चरल प्रोजेक्ट परिसर में नेफ्यू रियो के नेतृत्व वाली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया।
मेघालय और नागालैंड के दोनों कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम को नगालैंड से विशेष हेलीकॉप्टर से गुवाहाटी लौट आए। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। बोरझार हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री का गीत, नृत्य और संगीत के साथ स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार शाम को मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की उपस्थिति में असम सरकार के कैबिनेट मंत्रियों के साथ कैबिनेट बैठक में शामिल हुए। हालांकि सरकार ने बैठक में चर्चा किए गए मुद्दों का खुलासा नहीं किया। पता चला है कि कैबिनेट बैठक में असम सरकार के विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं की प्रगति और आगामी लोकसभा चुनाव पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोइनाधरा स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में रात बिताई। बुधवार सुबह प्रधानमंत्री ने असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया की मौजूदगी में कोइनाधरा पहाड़ी पर पौधारोपण किया। प्रधानमंत्री मोदी के साथ असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा भी उपस्थित थे।