बंदरदेवा : पूर्वी नगा राष्ट्रीय सरकार (ईएनएनजी) के 15 उग्रवादियों ने संगठन प्रमुख तोशाम मोसांग के साथ रविवार को अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि यहां पुलिस मुख्यालय में आयोजित घर वापसी समारोह के दौरान उग्रवादियों ने हथियारों और गोला-बारूद  के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। समारोह में उपमुख्यमंत्री चोना मीन, राज्य के गृह मंत्री बामांग फेलिक्स के साथ असम राइफल्स के अधिकारी, राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक, एसआईटी, रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि चीन निर्मित नौ एमक्यू श्रृंखला के हथियार, दो एके-47 राइफल, चीन निर्मित एक पिस्तौल, 19 मैगजीन, गोला बारूद, चार चीनी हथगोले और कई अन्य हथियार भी उग्रवादियों ने इस दौरान पुलिस को सौंपे। इस घटना को ऐतिहासिक करार देते हुए खांडू ने उग्रवादियों को हिंसा छोड़ने और राष्ट्रीय मुख्यधारा में शामिल होने के वास्ते समझाने में असम राइफल्स और राज्य पुलिस के संयुक्त रूप से चलाए गए आक्रामक और बातचीत के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बंदूक की संस्कृति समस्या का समाधान नहीं है।

आज का आत्मसमर्पण राज्य में शांति बहाल करने के लिए संगठन का एक सकारात्मक कदम है। मुझे उम्मीद है कि आने वाले दिनों में अन्य समूह भी इसका अनुसरण करेंगे। आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादियों को उनके पुनर्वास के लिए सरकारी समर्थन का आश्वासन देते हुए खांडू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य पूर्वोत्तर में शांति बहाल करना है। परिणामस्वरूप क्षेत्र के कई उग्रवादी समूहों ने पहले ही संबंधित राज्य सरकारों के साथ शांति वार्ता शुरू कर दी है और कई पहले ही मुख्यधारा में शामिल हो चुके हैं। पत्रकारों से बात करते हुए फेलिक्स ने कहा कि 14 अन्य लोगों के साथ अपने प्रमुख के आत्मसमर्पण के बाद ईएनएनजी अब लगभग खत्म हो गया है।