गुवाहाटी : हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट परीक्षा में सामान्य विज्ञान का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले की जांच की प्रगति का जायजा लेने के लिए पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने मंगलवार को उलुबारी में सीआईडी मुख्यालय का दौरा किया। डीजीपी जीपी सिंह ने हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के मामले का जायजा लेने के लिए शीर्ष अधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक की।

डीजीपी जीपी सिंह ने सीआईडी के आला अधिकारियों को प्रश्न पत्र लीक करने वाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए हैं। असम के पुलिस महानिरीक्षक प्रशांत कुमार भुइयां ने उलुबाड़ी में एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इस संदर्भ में अब तक 22 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। इन लोगों में ज्यादातर छात्र और कई शिक्षक हैं। इनमें से 3 को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को अभी तक गुवाहाटी से लापता हुए प्रश्नपत्रों का एक पैकेज नहीं मिला है।

इस संदर्भ में सीआईडी सेबा कार्यालय पहुंच कर कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। सीआईडी पहले ही शिक्षक हेरम्ब कुमार दास, चित्र राय और ज्योति रेखा बरगोहांई को गिरफ्तार कर चुकी है। उन्हें सीआईडी कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने तीनों आरोपियों को तीन दिन की सीआईडी हिरासत में भेज दिया। इस संदर्भ में सीआईडी ने भारतीय दंड संहिता की धारा 120(बी)/420/427 और 66(बी)आईटी के तहत 3/23 नंबर में एक मामला दर्ज किया है।