गुवाहाटी : हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एचएसएलसी) परीक्षा के पेपर लीक मामले में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। मंगलवार को पेपर लीक की एक और घटना तब सामने आई जब धेमाजी जिले के एक एचएसएलसी उम्मीदवार ने दावा किया कि उसे परीक्षा से तीन दिन पहले गणित विषय का प्रश्न पत्र मिला था।

छात्र ने कहा कि परीक्षा से तीन दिन पहले मुझे फ्रेंड्स नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से गणित का प्रश्न पत्र प्राप्त हुआ। ग्रुप में कुल सात लड़के थे। उन्होंने मुझे प्रश्न पत्र भेजा। मुझे नहीं पता कि उन्हें मेरा नंबर कैसे मिला। उसने आगे कहा कि बाद में प्रश्न पत्र को रिसीव करने के बाद एक समूह को हटा दिया गया था और कुल मिलाकर 50 अंकों के प्रश्न संख्या 6 से 21 तक के प्रश्न पत्र थे।

छात्र ने कहा कि कुछ लड़के लखीमपुर और बोकुलगुड़ी के थे और कुछ अन्य के बारे में उसे जानकारी नहीं है। गौरतलब है कि एचएसएलसी की गणित की परीक्षा 6 मार्च को आयोजित हो चुकी थी।