गुवाहाटीः असम विधानसभा में बजट सत्र के प्रश्रकाल के दौरान वित्त मंत्री अजंता नेउग ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से घोषित एक लाख बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। 10 मई के बाद से राज्य के विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े पदों पर 40 हजार लोगों को नियुक्ति दी जाएगी। इसके लिए नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद चरणबद्ध तरीके से रोजगार की व्यवस्था की जाएगी।

वित्त मंत्री अजंता नेउग ने मंगलवार को राइजर दल के विधायक अखिल गोगोई के सवाल के जवाब देते हुए कहा कि 25 मई, 2022 से लेकर अब तक 38,987 पदों पर नियुक्ति की जा चुकी है। इसके तहत नियमित पदों की संख्या 35,180 और ठेके पर होने वाली नियुक्ति की संख्या 3807 है। वित्तमंत्री नेउग ने कहा कि मई 2021 से असम सरकार की ओर से विभिन्न विभागों में 26 हजार पदों पर विज्ञापन के जरिए नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हुई है। इन पदों पर  नियुक्ति प्रक्रिया अतिशीघ्र पूरी की जाएगी।

वित्तमंत्री ने सदन में जोर देते हुए कहा कि हमने जो भी वादा किया उसे पूरा करने के लिए काम कर रहे हैं। राज्य के विभिन्न विभागों में रिक्तियों के अनुसार विज्ञापन जारी किए गए हैं जिनमें स्थाई और ठेके पर नियुक्ति वाले पदों को विभागों की ओर से सूचीबद्ध किया गया है। उन्होंने सदन को बताया कि सरकार एक लाख बेरोजगारों को रोजगार देने के वादे पर कायम है और यह प्रक्रिया जल्द पूरी होगी। विपक्षी विधायक के जवाब में वित्त मंत्री ने कहा कि आगामी 10 से 15 मई के भीतर और 40 हजार नियुक्ति दी जाएगी और उसके बाद जो भी रिक्तियां शेष बचेगी उसे भी पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने असम की जनता से जो भी वादा किए है उसे अक्षरशःपूरा किया जाएगा। हालांकि अखिल गोगोई ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़झाला है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए।