गुवाहाटी : आज पेश बजट को सत्तापक्ष ने सराहा है वहीं विपक्ष ने लोक लुभावन बजट बताया। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भवेश कलिता ने बजट को गरीबों का बजट बताया। कलिता ने कहा कि इस बजट में विकास के साथ ही विशेषकर गरीबों को विशेष रूप से ख्याल रखा गया है। वहीं अगप के अध्यक्ष तथा मंत्री अतुल बोरा ने कहा कि यह जनमुखी बजट  है, जिसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि बजट में पेश किए सभी प्रस्ताव को समय के साथ लागू करने का प्रयास सरकार की ओर से किया जाएगा। वहीं नेता प्रतिपक्ष देवब्रत सैकिया ने कहा कि बजट में कुछ खास नहीं है। बजट में विकास के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन कोई बड़ा कदम नहीं उठाया गया है। रोजगार बढ़ाने की बात हवाहवाई है। एआईयूडीएफ के विधायक रफिकुल इस्लाम ने कहा कि हमे बजट से काफी उम्मीद लगी थी कि आम लोगों को कल्याण करने के लिए कुछ ठोस कदम उठाया जाएगा, किन्तु ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला।

वामपंथ नेता मनोरंजन तालुकदार ने कहा कि असम विधानसभा में पेश बजट असम के लोगों को निराश किया है। वहीं अखिल गोगोई ने कहा कि असम के लोगों की आशाओं पर पानी फेरने वाला बजट है।