गुवाहाटी : असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने गुरुवार को चांगसारी में राज्य के पहले अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने अन्य अधिकारियों के साथ उद्घाटन समारोह की तैयारियों की समीक्षा की।

डॉ. शर्मा ने बाद में मीडिया को बताया कि अस्पताल का निर्माण जोरों पर है और ओपीडी सहित 18 विभाग अब लगभग काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में साइट पर 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। उनके साथ राज्य के स्वास्थ्य मंत्री केशव महंत भी थे। ट्विटर पर उन्होंने लिखा, यह हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  जी जल्द ही एम्स चांगसारी का उद्घाटन करेंगे, जो उत्तर पूर्व में स्वास्थ्य सेवा को भारी बढ़ावा देगा। ओपीडी, सभागार, अपशिष्ट निपटान और कनेक्टिंग सड़कों सहित इसकी विभिन्न बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की।  गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को चांगसारी में एम्स का उद्घाटन करेंगे।

इस महीने की शुरुआत में ही असम के स्वास्थ्य मंत्री केशव महंत और मुख्य सचिव पवन कुमार बरठाकुर ने एम्स और कामरूप जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के साथ चिकित्सा संस्थान के काम की समीक्षा की थी। समीक्षा के बाद असम के स्वास्थ्य मंत्री और मुख्य सचिव ने अधिकारियों को अगले 31 मार्च तक काम पूरा करने का निर्देश दिया था। मालूम हो कि असम के मुख्यमंत्री ने पिछले साल दिसंबर में घोषणा की थी कि 2023 में एम्स का आधिकारिक उद्घाटन किया जाएगा।