गुवाहाटी : असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर एक बार फिर से बड़ा हमला किया है। मुख्यमंत्री डा.शर्मा ने राहुल पर सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि राहुल गांधी नैतिक रूप से भ्रष्ट हैं। डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार में उन्होंने अध्यादेश फाड़ दिया था, लेकिन अब जब मल्लिकार्जुन खड़गे कह रहे हैं कि कन्विक्टेड एनएलए की सदस्यता नहीं जानी चाहिए, तब राहुल गांधी कुछ नहीं कह रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय भ्रष्टाचार में फसे लालू यादव की बात थी तो उन्होंने अध्यादेश फाड़ दिया, लेकिन आज खुद की बात है तो कुछ नहीं कह रहे है, इससे पता चलता है कि वे कितने भ्रष्ट नेताहै।
उल्लेखनीय है कि हिमंत विश्वशर्मा राहुल गांधी पर हमेशा आक्रामक रहते हैं, क्योंकि एक समय जब हिमंत कांग्रेस में थे तो राहुल ने उन्हें कथित रुप से अपमानित किया था, सदन में हो या सार्वजनिक मंच राहुल पर हिमंत हमला करने में पीछे नहीं रहते। मालूम हो कि बुधवार को असम विधानसभा में विपक्षी दलों को जवाब देते हुए डॉ.शर्मा ने कहा था कि कल अगर कोर्ट मुझे किसी मामले में दोषी ठहराती है तो क्या बीजेपी विधायक काले कपड़े पहन कर प्रदर्शन करेंगे? नहीं, हम उस फैसले को चुनौती देने के लिए हाई कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट, सेशन कोर्ट जाएंगे, लेकिन हम न्यायपालिका की अवहेलना कभी नहीं करेंगे। यह प्रवृत्ति भारतीय लोकतंत्र के लिए अच्छी नहीं है। उन्होंने साफ करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे देश में केंद्र सरकार पर नहीं, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया पर हमला कर रही है। कांग्रेस पार्टी अपनी सुविधा के हिसाब से ही भारत में राजनीति करती है।
उन्हेंन कानून व्यवस्था, लोकतंत्र और देश के संविधान से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि इतनी पुरानी पार्टी और पार्टी के अंदर बड़े बड़े अधिवक्ताओं के होने के बाद भी वे अदालत में नहीं जा रहे हैं। हिमंत ने राहुल पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि आखिर क्या कारण कि वे अदालत में नहीं जा रहे हैं। वे चाहते हैं कि देश की जनता उन्हें पीड़ित समझकर सहानुभूति वोट देगी, ऐसा नहीं होगा। देश की जनता सब देख रही है और सब सुन भी रही है। बता दें कि राहुल गांधी को सूरत की कोर्ट से मानहानि के मामले में दो साल की सजा सुनाई गई है, जिसके बाद उनकी संसद की सदस्यता रद्द कर दी गई। इस मामले के बाद से कांग्रेस लगातार बीजेपी पर हमलावर है और इसे लोकतंत्र पर हमला बता रही है। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल मेरे खिलाफ एक भी शब्द बोलकर दिखाएं। अगले दिन मैं उन पर मानहानि का मुकदमा करूंगा। मुख्यमंत्री ने अपने दिल्ली के समकक्ष अरविंद केजरीवाल को रविवार को गुवाहाटी दौरे पर उन्हें भ्रष्ट कहने की चुनौती दी। शर्मा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के खिलाफ मानहानि का मामला दायर करने की भी धमकी दी। असम के मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि उनके खिलाफ न तो देश की किसी अदालत में और न ही किसी एजेंसी में कोई मामला लंबित है। उन्होंने पूछा कि मेरे खिलाफ कौन-सा मामला है? मैं अरविंद केजरीवाल को चुनौती देता हूं कि मेरे खिलाफ दर्ज एक भी मामला दिखाएं।
इससे पहले जब दिल्ली के मुख्यमंत्री ने हिमंत विश्वशर्मा को भ्रष्ट आदमी कहा था तो वह मानहानि का मुकदमा दायर करना चाहते थे, लेकिन शर्मा के मुताबिक, केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा के अंदर बात की थी, इसलिए वह मामला दर्ज नहीं कर सके। शर्मा ने कहा कि मैं मानहानि का मुकदमा दायर करना चाहता था, लेकिन चूंकि अरविंद केजरीवाल कायर हैं, उन्होंने दिल्ली विधानसभा के अंदर मेरे खिलाफ बोला। मैं उन्हें अपने निर्धारित असम दौरे पर मुझे भ्रष्ट कहने की चुनौती देता हूं, अगले दिन मैं उनके खिलाफ मनीष सिसोदिया की तरह मानहानि का मुकदमा दायर करूंगा। अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान राज्य में आम आदमी पार्टी की मौजूदगी को मजबूत करने के लिए रविवार को असम का दौरा करने वाले हैं।