गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा बुधवार को शोणितपुर जिले के गोहपुर महकमा अंतर्गत पुलीचोमनी स्थित पूर्वज्योति खेल संघ मैदान (बिष्णु बोरा क्षेत्र) में आयोजित पूर्वज्योति कृषि निगम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुए। समारोह में मुख्यमंत्री ने शहीद कनकलता और मुकुंद काकति को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि गोहपुर के लोगों की रगों में त्याग और देशभक्ति की अनमोल धारा बहती है। पूर्वज्योति कृषिपाम निगम भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के गौरवशाली अध्याय से जुड़े गोहपुर के लोगों के जीवन का एक अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि पूर्वज्योति कृषिपाम निगम का इतिहास भूमि आंदोलन से जुड़ा हुआ है जो 1980 के दशक में पूरे असम में शुरू हुआ था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वज्योति कृषिपाम निगम की स्थापना 17 जनवरी 1973 को असम में भूमि आंदोलन और कृषि श्रमिक आंदोलन के अग्रदूत स्वर्गीय विष्णु बोरा, नंद बोरा और नृपेंद्र कुमार देव सहित कई अग्रदूतों के अथक प्रयासों से हुई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वज्योति कृषिपाम निगम के मैदान के विकास के लिए 2 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्वज्योति उपस्वास्थ्य केंद्र का सुधार किया जाएगा।
इसके अलावा राज्य सरकार पूर्वज्योति कृषिपाम निगम के तहत लगभग 7,000 बीघा भूमि का बंदोवस्ती करने और स्थानीय लोगों को भूमि आवंटित करने और लोगों के सहयोग से 1,000 बीघा भूमि पर विकास कार्य करने की योजना बनाएगी। उन्होंने कहा कि गोहपुर में शहीद कनकलता बरुवा को समर्पित राज्य विश्वविद्यालय का काम इस साल के अंत तक शुरू हो जाएगा। इस कार्यक्रम में विधायक उत्पल बोरा, रंजीत दत्त, शोणितपुर जिला उपायुक्त देव कुमार मिश्र, विश्वनाथ के अतिरिक्त आयुक्त जय शिवानी, माधवदेव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर दिवाकर चंद्र डेका और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय लोग उपस्थित थे।