गुवाहाटी : सिर्फ राज्य कैबिनेट ही नहीं, बल्कि असम विधानसभा का सत्र भी दिसपुर के बाहर आयोजित होगा। असम विधानसभा में अब नया इतिहास बनेगा। अगर सब कुछ ठीक रहा तो असम विधानसभा जुलाई-अगस्त में कोकराझाड़ में अपना ग्रीष्मकालीन सत्र आयोजित करेगी। विधानसभा अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी ने वृहस्पतिवार को बजट सत्र के बाद संवाददाताओं से कहा कि मैं पहली बार विधानसभा को दिसपुर के बाहर रखना चाहता हूं ताकि असम के लोग असम  विधानसभा के काम को करीब से देख सकें।

दिसपुर के बाहर कोकराझाड़ में पहली बार विधानसभा सत्र आयोजित होगा। अध्यक्ष दैमारी ने कहा कि  बिना विधानसभा के राज्य में कुछ नहीं हो सकता। विधानसभा राज्य के लोगों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं लेती है। बाद में उन्हीं योजनाओं के कार्यान्वयन से राज्य आगे बढ़ता है। विधान सभा की कार्यवाही तथा प्रक्रिया के बारे में हमारे सभी लोगों को जानना जरूरी है। दैमारी ने कहा कि हम मुख्यमंत्री की सलाह पर पहली बार दिसपुर से बाहर कोकराझाड़ में विधानसभा करेंगे। इंफ्रास्ट्रख्र ठीक रहा तो कोकराझाड़ में जल्द विधानसभा सत्र आयोजित होगा। इस संबंध में शीघ्र ही कोकराझाड़ व बीटीआर के प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा की जाएगी।

यदि कोकराझाड़ में सभी सुविधाएं उपलब्ध हो जाती हैं तो अगले जुलाई में कोकराझाड़ में सत्र आयोजित किया जा सकता है। हम जिले में कॉलेज, विश्वविद्यालय हॉल, सार्वजनिक हॉल तथा बीटीआर के विधानसभा हॉल का  इस्तेमाल कर सकते हैं। बाद में हम डिमाहसाओ, तिनसुकिया और डिब्रूगढ़ आदि अन्य जिलों में भी विधानसभाएं आयोजित करेंगे। उल्लेखनीय है कि जहां विपक्ष का आरोप है कि राज्य कैबिनेट को दिसपुर से बाहर रखने में करोड़ों रुपए बर्बाद किए गए हैं फिर भी सरकार जिलों में महंगे विधानसभा सत्र आयोजित करने जा रही है।