गुवाहाटी : असम गण परिषद (अगप) की ओर से महत्वपूर्ण विशेष कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन आज नगांव शहर के सांस्कृृतिक प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया। पंचायत चुनाव तथा नगांव लोकसभा क्षेत्र के आधार पर आयोजित इस कार्यक्रम में 5,000 से अधिक अगप के नेता, पदाधिकारी,सदस्य तथा समर्थक उपस्थित हुए। इस सम्मेलन की अध्यक्षता अगप के अध्यक्ष व कृृषि मंत्री अतुल बोरा ने की। वही अपने भाषण में उन्होंने कहा कि अगप  अपने पदाधिकारियों और सदस्यों की मेहनत और उत्साह से पार्टी की नींव को मजबूत कर रही है और नगांव के लोगों का अगप के प्रति सद्भावना अभी भी बरकरार है। 

उन्होंने आगे कहा कि अगप के निष्ठावान कार्यकर्ताओं की निष्ठा, विश्वास और अटूट प्रेम  पार्टी को मजबूत   करने में योगदान दिया है। साथ ही  कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत और लोकसभा चुनावों के लिए अपनी तैयारी जारी रखने का आह्वान  किया। उन्होंने सभी लोगों से  जमीनी स्तर से सभी स्तरों पर पार्टी संगठन को व्यवस्थित रूप से मजबूत करके नगांव लोकसभा क्षेत्र को कांग्रेस मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध होने को कहा। उन्होंने पार्टी सदस्यों से मजबूत क्षेत्रवाद के जरिए एक मजबूत असम बनाने के लिए खुद को समर्पित करने का आग्रह किया। वही अगप  के कार्यकारी अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य मंत्री केशव महंत ने कहा कि अभूतपूर्व जनसमर्थन से पार्टी की अनवरत यात्रा को सभी स्तरों पर अप्रतिरोध गति मिली है।

आज भी अगप के कार्यकर्ताओं में पार्टी के प्रति अटूट प्रेम तथा विश्वास बरकरार है।  इस मौके पर  सम्मेलन में पार्टी के महासचिव और सांसद बीरेंद्र प्रसाद वैश्य, पार्टी के वरिष्ठ नेता  फणिभूषण चौधरी, महासचिव व विधायक रमेंद्र नारायण कलिता व महासचिव डॉ. कमलाकांत कलिता ने भी अपने संबोधन के जरिए सदस्यों तथा समर्थकों में जोश भरा। मौके पर अगप के नगांव जिला परिषद के अध्यक्ष मणिमाधव महंत, महासचिव प्रबीण हजारिका, भूपेन राय, मनोज सैकिया, बिमलेंदु सिंघा, उपाध्यक्ष दिलीप पाटगिरी, डॉ. नृपेन बरुवा, सुनील डेका, ज्योतिष दास, पूर्व विधायक गिरिंद्र कुमार बरुवा, सचिव वित्त जयंत खाउंड, असम युवा परिषद अध्यक्ष जीतू बरगोहाई, असम महिला परिषद, असम कृृषक परिषद, छात्र परिषद असम के साथ अन्य सहयोगी संगठनों के प्रतिनिधिी तथा समर्थक उपस्थित थे।