पाजीगी : म्यामां की सेना के हवाई हमलों में मंगलवार को 100 लोगों की जान चली गई । मरने वालों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक मरने वालों का आंकड़ा बढ़ भी सकता है। सेना ने ये हवाई हमले विद्रोहियों का गढ़ माने जाने वाले पाजीगी इलाके में किए, जो वहां के सागैंग प्रांत में है। हमले के समय लोग एक ऑफिस के उद्घाटन के लिए जुटे थे। दो साल पहले हुए तख्तापलट के बाद इसे सेना का सबसे बड़ा हमला बताया जा रहा है।

बीबीसी को हमले के दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि गांव में सुबह 7 बजे सेना का जेट आया। इसने एक बम गिराया, जिसके बाद कई हेलिकॉप्टर से फायरिंग शुरू हो गई। ये गोलीबारी लगातार 20 मिनट तक जारी रही। आस-पास रहने वाले लोगों ने इनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं। जिसमें चारों तरफ लाशें दिखाई दे रही हैं। वहां मौजूद लोगों के मुताबिक उन्होंने लाशें गिननी शुरू की, लेकिन शरीर के हिस्से अलग-अलग जगह पर फैले होने के कारण वो नहीं गिन पाए।

द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक म्यामां में हवाई हमले रोज की कहानी बनते जा रहे हैं। सेना अपने विरोधियों को ढूंढ़ने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। इसके चलते वो आम लोगों को निशाना बना रही है। म्यामांर विटनेस की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 6 महीनों में वहां 135 इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। 1 फरवरी को म्यामां में तख्तापलट के दो साल पूरे हो चुके हैं। साल 2021 में सेना ने वहां चुनी हुई आंग सान सू की सरकार को गिरा दिया था और उन्हें पकड़कर जेल में डाल दिया था। तब से लोग अलग-अलग तरीकों से सेना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।