नई दिल्ली : आमिर खान ने पीएम नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। आमिर ने  मोदी के मन की बात कार्यक्रम की तारीफ करते हुए कहा कि इस माध्यम से वो देश के लोगों के साथ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बात करते हैं। आमिर के मुताबिक, पीएम मोदी इस कार्यक्रम के जरिए देश के लोगों के साथ कनेक्ट होते हैं और उनकी समस्याओं पर बात करते हैं, देश के लीडर होने के नाते उनका काम काबिल-ए -तारीफ है। आमिर ने कहा कि  पीएम मोदी ने दिखाया कि कम्युनिकेशन से लोगों को रास्ता कैसे दिखाया जा सकता है। वो लोगों को बताते हैं कि आपका नजरिया क्या है।

फ्यूचर में लोगों का सपोर्ट कैसे हासिल करना है। मन की बात में ऐसे ही महत्वपूर्ण चीजों पर बात होती है। ये प्रधानमंत्री का बहुत ही ऐतिहासिक कार्यक्रम है। दरअसल प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में सत्ता संभालने के बाद रेडियो पर मन की बात कार्यक्रम की घोषणा की थी। इसके जरिए वो देश को लोगों से विभिन्न विषयों पर बात करते हैं और अपने सुझाव रखते हैं।

30 अप्रैल को मन की बात के 100 एपिसोड पूरे होने वाले हैं। इसी अवसर पर दिल्ली में एक कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया, जहां आमिर खान को बुलाया गया था। आमिर के अलावा फिल्म इंडस्ट्री से एक्ट्रेस रवीना टंडन भी इस कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। इस कार्यक्रम में 100 ऐसे लोगों को इनवाइट किया गया था, जिनका जिक्र पीएम मोदी ने कभी न कभी मन की बात कार्यक्रम में किया है।

आमिर खान आज भले ही पीएम मोदी की तारीफ कर रहे हैं, लेकिन एक वक्त ऐसा था जब उन्होंने बातों-बातों में सरकार की खिलाफत कर दी थी। 2015 में एक इवेंट में आमिर ने इन्टॉलरेंस के मुद्दे पर बात की थी। उन्होंने कहा कि देश के माहौल को देखते हुए उन्हें परिवार सहित देश छोड़ने का विचार मन में आता है।