(कर्नाटक) :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी की पूरी राजनीति 'फूट डालो और राज करो की नीति पर आधारित है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस 'शांति और विकास की दुश्मन है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भारत के लोकतंत्र और विकास की वैश्विक स्तर पर सराहना और सम्मान किया जा रहा है तो वह दुनियाभर में जाकर देश को  बदनाम कर रही है। मोदी ने कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बुधवार को तीन रैलियों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि जिस राज्य के लोग शांति और प्रगति चाहते हैं, वे सबसे पहले अपने राज्य से कांग्रेस को बाहर कर देते हैं। तटीय कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के मुल्की शहर में 'भारत माता की जय तथा 'बजरंग बली की जय के नारे के साथ अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आतंक के आकाओं को बचाती है और तुष्टीकरण को बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि कर्नाटक औद्योगिक विकास, कृषि विकास के साथ ही स्वास्थ्य और शिक्षा में नंबर-1 बने।

लेकिन कांग्रेस क्या चाहती है? कांग्रेस कर्नाटक को... दिल्ली में जो उनका शाही परिवार बैठा है, उस परिवार का नंबर-1 एटीएम बनाना चाहती है। मोदी ने कहा कि देश में जहां भी लोग शांति और प्रगति चाहते हैं, वह सबसे पहले अपने राज्य से कांग्रेस को बाहर कर देते हैं। न्होंने आरोप लगाया कि अगर समाज में शांति है तो कांग्रेस शांत नहीं बैठ पाती और अगर देश प्रगति करता है तो कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं कर पाती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पूरी राजनीति 'बांटो और राज करो पर आधारित है। कर्नाटक के लोगों ने खुद कांग्रेस का यह खौफनाक चेहरा देखा है। मोदी ने कांग्रेस पर 'गाली देने की संस्कृति का आरोप लगाते हुए कर्नाटक के लोगों से अपील की कि वे जब 10 मई को मतदान केंद्रों पर जाएं और मतदान करें तो  'जय बजरंग बली बोल कर उसे सजा दें। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार होती है तो वहां के निवेशक भागने लग जाते हैं, क्योंकि वह  आतंक के आकाओं को बचाती है और तुष्टीकरण को बढ़ाती है। प्रधानमंत्री ने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से विशेष रूप से कहा कि अगर उन्हें अपना करियर बनाना है और अपने मन का काम करना है तो यह कांग्रेस के रहते संभव नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि कर्नाटक में अगर अस्थिरता रही तो आपका भाग्य भी अस्थिर रहेगा। अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को कई मौकों पर 'रिवर्स गियर कांग्रेस कहकर पुकारा। उन्होंने कहा कि वह असामाजिक लोगों पर दर्ज मुकदमे न केवल वापस ले लेती है बल्कि उन्हें छोड़ भी देती है। यह उल्लेख करते हुए कि भाजपा सरकार के तहत भारत प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है, उन्होंने कहा कि भारत ने इस मामले में उस ब्रिटेन को पीछे छोड़ा है जिसने हमें उपनिवेश बनाया था। इसके बाद अंकोला में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता उनसे नफरत करते हैं और उन्हें गाली देते हैं क्योंकि उन्होंने उनकी 'भ्रष्ट व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया है। मोदी ने बेलगावी के बेलहोंगल में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए कहा कि शासन के लिए 'शॉर्टकट रास्ता ने देश में वोट बैंक की राजनीति को जन्म दिया है। कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) पर इसी प्रकार की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए मोदी ने कहा कि देश के 21वीं सदी के युवा अपना भविष्य ऐसे लोगों के हाथों में नहीं छोडऩा चाहते। उन्होंने कहा कि भाजपा 'सबका साथ, सबका विकास के जरिए 'शॉर्टकट राजनीति से छुटकारा पाने की कोशिश कर रही है।