नई दिल्ली : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शुक्रवार को 10वीं कक्षा के नतीजे घोषित किए, जिसमें 93.12 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इस साल उत्तीर्ण हुए छात्रों की संख्या पिछले साल की तुलना में 1.28 प्रतिशत कम है। बोर्ड ने साथ ही यह घोषणा भी की है कि वह मेरिट सूची प्रकाशित नहीं करेगा। अधिकारियों ने कहा कि बोर्ड ने साथ ही छात्रों को अंकों के आधार पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी देना भी बंद करने का फैसला किया है। लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है और उनका उत्तीर्ण प्रतिशत 94.25 रहा है, वहीं लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 92.27 रहा। बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि छात्रों के बीच निरर्थक प्रतिस्पर्धा से बचने के लिए सीबीएसई द्वारा कोई मेरिट सूची घोषित नहीं की जाएगी।

हालांकि, बोर्ड उन 0.1 प्रतिशत छात्रों को मेरिट प्रमाणपत्र जारी करेगा, जिन्होंने विभिन्न विषयों में उच्चतम अंक प्राप्त किए हैं। पछले साल उत्तीर्ण प्रतिशत 94.40 था। इस साल 1.34 लाख से अधिक छात्रों को कंपार्टमेंट श्रेणी में रखा गया है। त्रिवेंद्रम सीबीएसई कक्षा 10वीं की परीक्षाओं में सबसे अधिक पास प्रतिशत वाले क्षेत्र के रूप में उभरा है, जिसका  रिजल्ट 99.91 फीसदी रहा है। वहीं, बेंगलुरु 99.18 फीसदी पास प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर, चेन्नई 99.14 फीसदी के साथ तीसरे और अजमेर 97.27 फीसदी के साथ शीर्ष से चौथे स्थान पर है। हालांकि, सबसे खराब स्थिति में देहरादून क्षेत्र नीचे से तीसरे स्थान पर तो दिल्ली ईस्ट 88.30 फीसदी पास प्रतिशत के साथ नीचे से दूसरे स्थान पर आया, जबकि गुवाहाटी का पास प्रतिशत सबसे कम महज 76.90 फीसदी रहा है। वहीं ‘कम्पार्टमेंट’ परीक्षा का नाम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की सिफारिश के तहत बदलकर ‘सप्लीमेंट्री’(पूरक) परीक्षा कर दी गई है।

बोर्ड द्वारा विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के अंकों में सुधार के लिए और अवसर देने का भी फैसला किया गया है। बोर्ड के मुताबिक 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों को दो विषयों में सप्लीमेंट्री (पूरक) परीक्षा देकर अंक सुधारने का मौका मिलेगा, जबकि 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को यह मौका केवल एक विषय में मिलेगा।  एक अधिकारी ने बताया कि जिन विद्यार्थियों को पूरक श्रेणी में रखा गया है और जो अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहते हैं, उनके लिए परीक्षा जुलाई में आयोजित की जाएगी और तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी।