गुवाहाटी: सीबीएसई की ओर से 10वीं कक्षा के नतीजे घोषित कर दिए जाने के बाद असम में मैट्रिक व हायर सेकेंडरी फाइनल परीक्षा के परीक्षार्थियों और अभिभावकों में चिंता है कि सेबा मैट्रिक परीक्षा के नतीजे कब घोषित करेगा? ओह-पोह की इस स्थिति के बीच मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि मैट्रिक परीक्षा के परिणाम इस साल मई के अंत तक घोषित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि सेबा ने नतीजों को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। हालांकि, मुख्यमंत्री ने यह नहीं बताया कि हायर सेकेंडरी फाइनल परीक्षा के परिणाम कब घोषित किए जाएंगे, लेकिन असम माध्यमिक शिक्षा परिषद के एक उच्च स्तरीय सूत्र ने कहा कि परिणाम जून के तीसरे सप्ताह में घोषित किए जाएंगे। परिषद के सूत्र ने कहा कि उच्चतर माध्यमिक परीक्षाओं का स्क्रिप्ट मूल्यांकन पूरा हो चुका है, लेकिन सारणीकरण प्रक्रिया अभी चल रही है। इस साल 3 मार्च से हुई मैट्रिक की परीक्षा में कुल 4 लाख 23 हजार परीक्षार्थी बैठे थे। परीक्षा 912 केंद्रों पर हुई थी।

हालांकि, प्रश्न पत्र लीक होने के कारण विज्ञान और असमिया परीक्षा रद्द कर दी गई और फिर से आयोजित की गई। ऐसी अफवाहें भी हैं कि सेबा या सीआईडी ने आरोपों की जांच किए बिना उन्हें दबा कर रखा है। वहीं 20 मार्च से आयोजित हायर सेकेंडरी फाइनल परीक्षा में कुल 342,869 परीक्षार्थी बैठे थे।