गुवाहाटी : पुलिस अधिकारी जोनमोनी राभा की रहस्यमयी मौत को असम पुलिस गंभीरता से ले रही है। जोनमोनी राभा नगांव जिला मरिकलंग टाउन पुलिस चौकी की प्रभारी अधिकारी और एक बहादुर महिला अधिकारी के रूप में जानी  जाती हैं। सोमवार को उत्तरी लखीमपुर थाना में उनके खिलाफ एक मनी लॉन्डि्रंग का मामला दर्ज होने के कुछ घंटे बाद रात 1ः45  बजे कलियाबर में एक रहस्यमय दुर्घटना में जोनमोनी राभा की मौत हो गई थी। ड्रग माफिया और अपराधियों के लिए आतंक का सबब रहे जोनमोनी राभा की मौत पर कई लोग सवाल उठा चुके हैं।

आखिरकार डीजीपी जीपी सिंह ने सीआईडी को उत्तरी लखीमपुर थाने के मामले और जोनमोनी राभा दुर्घटना मामले की जांच करने का निर्देश दिया है। पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने ट्वीट किया कि 15 मई को उत्तरी लखीमपुर थाना में आईपी (सी) 120 (बी)/395/397/342/387 धारा के तहत  183/23 नंबर में एक मामला दर्ज किया गया था। आरोपियों की सूची में एसआई जोनमोनी राभा का नाम भी शामिल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस दौरान मंगलवार को जोनमोनी राभा की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। विभिन्न पक्षों द्वारा मौतों पर सवाल उठाए जाने के बाद सीआईडी को दोनों मामलों की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।