नगांव : अचानक विद्यालय परिसर में एक दो नहीं बल्कि दो सौ छोटे-छोटे बच्चे छटपटा उठे। किसी को पेट में दर्द तो किसी को बेहोशी और कई ऐसे बच्चे थे,जो उल्टी करते-करते उनकी हालत नाजुक हो गई। बच्चों की रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के लोगों का जमावड़ा हो गया। यह घटना जिले के कामपुर कचूवा थानांतर्गत राजागांव दक्खिन जराबगान प्राथमिक विद्यालय की है जहां आज मध्यान्ह भोजन के बाद बच्चों की हालत दयनीय हो गई। उल्लेखनीय है कि अभिभावकों का आरोप है कि मध्यान्ह भोजन बनाते वक्त तेल के जगह फिनाइल ने से यह दर्दनाक घटना घटी।
तकरीबन दो सौ बच्चों को फिनाइल तेल में बनाया गया खाद्य सामग्री खिलाने के कारण कुछ देर बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना की खबर सुनते ही अभिभावक गण विद्यालय परिसर में जाकर मामले को संज्ञान में लिया। बच्चों की चिल्लाने की आवाज सुनकर अभिभावक गण उत्तेजित हो गए और तत्काल पुलिस की हस्तक्षेप के बाद अप्रिय घटना नहीं घटी। फिलहाल कामपुर सिंगीमारी राज्यिक चिकित्सालय में गंभीर हालत में दो सौ बच्चों को भर्ती करा दिया गया जहां बच्चों की हालत नाज़ुक बनी हुई है। इस मामले को लेकर अभिभावक गणों ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय के शिक्षक और काम करने वालों की लापरवाही के कारण यह घटना घटी और इस घटना में शामिल कर्मचारी के साथ ही प्रधानाध्यापक स्वर्णनगरी पाठक और शिक्षकों को भी कठोर दंड मिलनी चाहिए।