नगांव/गुवाहटी :एसआई जोनमोनी राभा की रहस्यमयी मौत को लेकर राज्य के सोशल मीडिया के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप प्रसारित होने के बाद इस मौत को लेकर उठ रहे सवाल ने आज एक नया मोड़ ले लिया। ऑडियो में यह उल्लेख है कि यह महज एक दुर्घटना की बजाए एक पूर्व नियोजित हत्या थी। पुलिस कर्मियों ने यह भी कहा कि एसआई जोनमोनी राभा हैबरगांव चौकी के प्रभारी एसआई अभज्योति राभा के साथ थीं। दुर्घटना शहर के किसी गुप्त स्थान पर होने की बात भी अडियो क्लिप में कही गई है। आडियो क्लिप में इस बात का भी उल्लेख है कि जिला पुलिस अधीक्षक, एक अतिरिक्त अधीक्षक आखिर घटना की रात में एसआई जोन मनी राभा के घर में आखिर अचानक क्यों छापा मारा,यह भी रहस्य का मामला है। साथ ही आडियो क्लिप में कहा गया है कि सदर थाने के ओसी मनोज राजवंशी रात को गाड़ी से थाना बोरघाट बाईपास की ओर ले गए ।
जिले के थाना व चौकी के सभी अधिकारियों को घटना से ठीक पहले थानों व चौकियों के प्रवेश द्वारों को बंद करने के निर्देश दिए और उसके बाद रोहा क्षेत्र की ओर चले गए,जो जांच का विषय है। उसी ऑडियो क्लिप में पुलिस कर्मी ने यह भी कहा कि किसी एक गुप्त स्थान पर अज्ञात व्यक्तियोंं की ओर से एसआई जोनमोनी राभा को लोहे की छड़ से प्रहार किया। इसके अलावा एसपी लीना दलै और एएसपी (मुख्यालय) के नेतृत्व में जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना से ठीक पहले एसआई जोनमनी राभा के क्वार्टर में छापा मारा, जिसके दौरान पुलिस ने एसआई जोनमोनी राभा के क्वार्टर से लाखों रुपए जब्त किए। इसी तरह दुर्घटना के तुरंत बाद अस्पताल में एसआई जोनमोनी राभा की प्रारंभिक जांच करने वाले जाखलाबंधा अस्पताल के ऑन-ड्यूटी डॉक्टर ने यहां स्थानीय मीडियाकर्मियों से बात करते हुए दावा किया कि एसआई जोनमोनी राभा के कान से काफी खून बह रहे थे। इसी बीच बुधवार से नगांव पुलिस गेस्ट हाउस में डेरा डाले सीआईडी विभाग के एसपी ध्रुब बोरा के नेतृत्व में सीआईडी की टीम ने हैबरगांव चौकी के प्रभारी एसआई आभज्योति राभा, इंस्पेक्टर मोनुज राजबंशी, ओसी, नगांव थाना और मोरीकलोंग पुलिस चौकी के अन्य पांच पुलिस कर्मियों से लंबी पूछताछ की।
दूसरी ओर, एसपी लीना दलै ने आज जिले के विभिन्न थानों के साथ-साथ अन्य चौकियों और पुलिस गश्त इकाइयों में तैनात 148 से अधिक पुलिस कांस्टेबलों का तबादला कर दिया,जो चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना की जांच में शामिल कांस्टेबल का अचानक तबादला क्यों किया गया। दूसरी ओर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने आज वृहस्पतिवार को पुलिस अधिकारी जोनमोनी राभा के परिवार को आश्वासन देते हुए कहा कि अगर उनके परिवार सीआईडी की ओर से हो रही जांच से संतुष्ट नहीं होते हैं तो फिर इस पूरे घटनाक्रम की सीबीआई से जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ.शर्मा ने एसआई जोनमोनी राभा की मौत की चल रही जांच पर अपना रुख व्यक्त करते हुए कहा कि सीआईडी द्वारा इस मामले का गहन जांच कर रही है। मुख्यमंत्री शर्मा अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यदि कोई जोनमोनी राभा की मौत में शामिल पाया जाता है तो उसे उचित सजा मिलनी चाहिए। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जोनमोनी राभा के परिवार के सदस्यों को आश्वासन दिया कि सीआईडी पूरी लगन से इसकी जांच कर रही है। हालांकि अगर परिवार सीआईडी की जांच से संतुष्ट नहीं है तो उन्होंने सीबीआई जांच शुरू करने की पेशकश की। दूसरी ओर जिस ट्रक से जोनमोनी के वाहन को टक्कर मारा था, उसके ड्राइवर सुमित कुमार पाल ने जखलाबंदा पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण कर दिया।