गुवाहाटी : असम सरकार 100,000 भर्तियों के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके तहत जुलाई में 22,765 पदों के लिए विज्ञापन प्रकाशित किए जाएंगे। बिजली क्षेत्र के लिए 2500, कृषि विभाग में 2,500, असम पुलिस में 2,000, स्वास्थ्य विभाग में 600, तृतीय श्रेणी भर्ती बोर्ड के माध्यम से 2519, चतुर्थ श्रेणी भर्ती बोर्ड के माध्यम से 1347, पंचायत और ग्रामोद्योग बोर्डों में 1,000 और शिक्षा विभाग में 10,219 पदों के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया जाएगा। सीएम ने मंगलवार को जनता भवन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता कर इसकी घोषणा की। पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 25 मई को 44,703 अभ्यर्थियों को भर्ती पत्र सौंपेंगे।
तृतीय श्रेणी भर्ती बोर्ड के माध्यम से 11,048, चतुर्थ श्रेणी भर्ती बोर्ड के माध्यम से 13,739, असम पुलिस भर्ती बोर्ड के माध्यम से 5421, स्वास्थ्य विभाग में 5281, शिक्षा विभाग में 7473, सामाजिक न्याय में 362, खेल विभाग में 135, लोक निर्माण विभाग में 407, कृषि क्षेत्र में 202 तथा भूमि संरक्षण में 26 व्यक्तियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे। जिन 359 उम्मीदवारों के कंप्यूटर प्रमाणपत्र पहले चरण में असम पुलिस भर्ती बोर्ड के माध्यम से वैध माने गए थे, उन्हें भी उसी दिन भर्ती पत्र जारी किए जाएंगे। शिक्षा विभाग में होने वाली भर्तियों में 400 कॉलेज शिक्षक होंगे। तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के भर्ती बोर्डों के माध्यम से जिन लोगों की भर्ती की गई है, उन्हें आवश्यकतानुसार अन्य विभागों में कार्य करना होगा। इस संबंध में शासनादेश पहले ही जारी किया जा चुका है।
हायर सेकेंडरी के 2332 स्नातक शिक्षकों को भी 25 मई को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे। भर्तियों की सूची में बाहर के राज्य के कोई उम्मीदवार शामिल नहीं है। हालांकि, गुवाहाटी हाई कोर्ट ने साफ कर दिया है कि बाहर के राज्य से उम्मीदवारों की भर्ती पर कोई रोक नहीं है। 25 मई को भर्ती होने वालों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के 630 अभ्यर्थियों को छोड़कर सभी पदों पर नियमित भर्ती की जाएगी। चतुर्थ श्रेणी भर्ती बोर्ड द्वारा चयनित 637 और तृतीय श्रेणी भर्ती बोर्ड द्वारा चयनित 193 पदों पर भर्ती के लिए अतिरिक्त सूची जल्द ही जारी की जाएगी। समान कट-ऑफ मार्क्स और कम उम्र के साथ उक्त चतुर्थ श्रेणी के 637 और तृतीय श्रेणी में 193 पदों में भर्ती के लिए अतिरिक्त सूचियां प्रकाशित की जाएंगी। चयनित उम्मीदवारों को 15 जून तक सेवा में शामिल होना आवश्यक है। 15 जून तक नौकरी ज्वाइन नहीं करने पर जॉब ज्वाइन करने में अनिच्छुक मानी जाएगी।