गुवाहाटी : कार्बी आंग्लांग जिला भाजपा किसान मोर्चा के सचिव मून इंतिपी को डिफू पुलिस ने बुधवार रात धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार   कर लिया। भाजपा नेता मून इंतिपी पर कार्बी आंग्लांग जिले के 24 युवकों से नौकरी दिलाने के बहाने 1,52,50,000 रुपए वसूलने का आरोप है। पीड़ितों और युवा संगठन के नेताओं ने बुधवार को लैंगहिन में एक संवाददाता सम्मेलन में इस घोटाले का खुलासा किया।

मुन इंतिपी मुख्यमंत्री, परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य, कार्यकारी सदस्य, विधायक विद्यासिंह इंगलेंग के बेहद करीबी थी। वह इस रिश्ते के आधार पर नौकरी दिलाने के नाम पर विभिन्न लोगों से पैसे वसूल  कर रही थीं। बुधवार को प्रेस वार्ता के बाद पीड़ितों ने डिफू थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। प्रेस कांफ्रेंस के बाद राजनीतिक गलियारों में तूफान आ गया है।

बुधवार रात डिफू पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 406/420/34 के तहत 57/2023 नंबर में मामला दायर कर मून इंतिपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के तुरंत बाद भाजपा ने मून इंतिपी को पार्टी से निष्कासित कर दिया। मुन इंतिपी की गिरफ्तारी से भाजपा के अंदर खलबली मच गई है। मून इंतिपी को मीडिया से बात करने से रोकने के लिए पुलिस विशेष सावधानी बरत रही है।