इंफाल : थलसेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे मणिपुर में पिछले कुछ दिनों में हिंसा की छिटपुट घटनाएं बढ़ने के बीच कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए राज्य के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। सेना की पूर्वी कमान के ‘जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ’ लेफ्टिनेंट जनरल राणा प्रताप कलिता के साथ वह दोपहर में बीर तिकेंद्रजीत इम्फाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे।  कड़ी सुरक्षा के बीच, सेना के शीर्ष अधिकारियों को इम्फाल शहर के मंत्रीपुखरी स्थित असम राइफल्स के महानिरीक्षक मुख्यालय ले जाया गया। 

सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा कि जनरल पांडे और लेफ्टिनेंट जनरल कलिता मणिपुर मे जारी जातीय झड़पों की पृष्ठभूमि में जमीनी स्थिति की समीक्षा करने के लिए राज्य की राजधानी  पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जनरल पांडे राज्यपाल, मुख्यमंत्री और सुरक्षा सलाहकार से मुलाकात कर स्थिति पर चर्चा करेंगे। जनरल पांडे और लेफ्टिनेंट जनरल कलिता जमीनी स्तर पर तैनात कमांडरों से भी मिलेंगे और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।

सेना के दोनों अधिकारी अन्य सुरक्षा बलों के कमांडरों से भी मिलेंगे। अधिकारी ने बताया कि जनरल पांडे स्थिति की जानकारी लेने के लिए विभिन्न इलाकों का दौरा करेंगे और सैनिकों से बात करेंगे।  सेना के सूत्रों ने बताया कि जनरल पांडे का रविवार को लौटने का कार्यक्रम है, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सोमवार से होने वाली राज्य की यात्रा के लिए लेफ्टिनेंट जनरल कलिता के यहां रूकने की संभावना है।