वाशिंगटन : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमरीका की आधिकारिक यात्रा के दौरान 22 जून को अमरीकी संसद के एक संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। प्रतिनिधि सभा और सीनेट के शीर्ष नेताओं ने शुक्रवार को यह घोषणा की। उन्होंने एक बयान में कहा कि अमरीकी प्रतिनिधि सभा और सीनेट के नेतृत्व की ओर से आपको (प्रधानमंत्री मोदी को) 22 जून को कांग्रेस(संसद) की एक संयुक्त बैठक को संबोधित करने के लिए आमंत्रित करना हमारे लिए सम्मान की बात है।
बयान पर प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष मैककार्थी, सीनेट के बहुमत नेता चक स्कमर, सीनेट के रिपब्लिकन नेता मिच मैककॉनवेल और प्रतिनिधि सभा के डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफरीज ने हस्ताक्षर किए हैं। यह दूसरा मौका है जब मोदी अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। राष्ट्रपति जो बाइडेन प्रधानमंत्री मोदी की अमरीका की आधिकारिक यात्रा पर उनकी मेजबानी करेंगे, जिसमें 22 जून को एक राजकीय रात्रिभोज भी शामिल है।