गुवाहाटी : गुवाहाटी प्रेस क्लब (जीपीसी) के आम चुनाव में जीत हासिल कर सुष्मिता गोस्वामी नई अध्यक्ष बनी हैं। दूसरी ओर संजय राय को फिर से महासचिव बनने का जनादेश मिला है। उल्लेखनीय है कि आज गुवाहाटी प्रेस क्लब (जीपीसी)के आम चुनाव के वोटों की गिनती कराई गई। कुल 10 राउंड गिनती के बाद देर रात नतीजों की घोषणा की गई। इस चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए सुष्मिता गोस्वामी ने सर्वाधिक 422 वोट प्राप्त किए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुनील बोरा को कुल 358 वोट प्राप्त हुए,जबकि 120 वोट प्राप्त कर जयंत कुमार डेका तीसरे स्थान पर रहे। दूसरी ओर संजय राय को एक बार फिर महासचिव के पद पर सुशोभित किया गया। माधव दास ने उन्हें कड़ी टक्कर दी, परंतु अंततः संजय राय दोबारा चुनाव जीतने में कामयाब रहे। मालूम हो कि शनिवार को कुल 998 पत्रकार मतदाताओं में से कुल 906 मतदातओं ने 25 उम्मीदवारों को 10 पदों के लिए अपना बहुमूल्य वोट दिया था, इन 25 उम्मीदवारों में 6 महिला उम्मीदवार भी शामिल थीं। जीपीसी चुनाव समिति की अध्यक्ष दुर्बा घोष तथा चुनाव पीठासीन अधिकारी और कानूनी सलाहकार विजन महाजन ने कहा कि आज सुबह से वोटी की गिनती शुरू हु ई।
गौरतलब है कि उपाध्यक्ष पद पर जतिन भागवती और उपाध्यक्ष (महिला आरक्षित) पद के लिए अलका बरुवा, सहायक महासचिव पद के लिए दिलवर हुसैन मजूमदार और सहायक महासचिव (महिलाओं के लिए आरक्षित) पद के लिए मिताली कोंवर, संगाठनिक सचिव पद के लिए निर्विरोध एक उम्मीदवार किशोरज्योति शर्मा, कोषाध्यक्ष पद के लिए मुनींद्र डेका, सांस्कृृतिक सचिव के रुप में पल्लवी बोरा तथा खेल सचिव के रुप में आजाद गोगोई चुनाव जीतने में कामयाब रहे।