भोपाल : असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा आज मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचे और उन्होंने यहां मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निवास पर पहुंचकर मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री शर्मा बुधवार की सुबह मुख्यमंत्री के आवास पहुंचे जहां मुख्यमंत्री चौहान ने उनका गुलदस्ता सौंपकर स्वागत किया। दोनों नेताओं में कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इस मुलाकात को राज्य की सियासत के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

समझा जाता है कि हिमंत ने मध्य प्रदेश के अगले विधानसभा चुनाव को लेकर चौहान के साथ रणनीतिक बैठक की, जिसका असर चुनाव के मौके पर देखा जा सकता है।  इस मुलाकात पर मुख्यमंत्री हिमंत ने ट्वीट कर कहा कि मध्यप्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान  से आज भोपाल में उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की। शिवराज के नेतृत्व में जिस प्रकार से राज्य हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, उससे सभी राज्यों को प्रेरणा लेनी चाहिए।

वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट कर कहा है कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा से आज निवास पर भेंट कर अत्यंत प्रसन्नता हुई। मध्य प्रदेश की प्रगति और जनकल्याण के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई। निसंदेह आपके सकारात्मक विचार प्रदेश के विकास और जनकल्याण के संकल्पों की सिद्धि में सहायक सिद्ध होंगे।